दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर के दाम में कमी, नई कीमतें लागू

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (01 मई 2025): देश में महंगाई से जूझ रहे लोगों के लिए ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने एक बार फिर राहत की खबर दी है, हालांकि यह राहत मुख्य रूप से होटल, रेस्टॉरेंट और फूड सर्विस व्यवसायों के लिए है। 1 मई 2025 से देशभर में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में कटौती की गई है। 19 किलो वाले सिलेंडर पर अब उपभोक्ताओं को 17 रुपये तक की राहत मिलेगी। इस संशोधन के बाद दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत घटकर 1747.50 रुपये हो गई है। हालांकि, घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे आम उपभोक्ताओं को अभी भी महंगाई का बोझ उठाना पड़ेगा।

दिल्ली में इस साल अब तक पांच बार कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में संशोधन हुआ है, जिसमें से चार बार कीमतों में कटौती की गई, जबकि एक बार मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। 1 जनवरी को 14.5 रुपये की कटौती, 1 फरवरी को 7 रुपये की कटौती, 1 मार्च को 6 रुपये की बढ़ोतरी और 1 अप्रैल को 41 रुपये की कटौती के बाद अब 1 मई को 14.50 रुपये की राहत दी गई है। इस पैटर्न से साफ है कि तेल कंपनियां व्यापारिक गतिविधियों को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से समय-समय पर संशोधन कर रही हैं।

देश के विभिन्न शहरों में नई दरें लागू हो गई हैं। कोलकाता में 19 किलो का सिलेंडर अब 1851.50 रुपये में मिल रहा है, जबकि मुंबई में यह 1699 रुपये और चेन्नई में 1906 रुपये का हो गया है। कोलकाता में इस बार सबसे अधिक 17 रुपये की कटौती दर्ज की गई है। इससे स्पष्ट है कि यह कदम मुख्य रूप से व्यावसायिक उपयोगकर्ताओं के संचालन खर्च को कम करने की दिशा में उठाया गया है, जिससे महंगाई के दौर में उनके लिए थोड़ी राहत मिल सके।

वहीं, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए अभी भी कोई राहत नहीं दिख रही है। 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 853 रुपये बनी हुई है। कोलकाता में यह 879 रुपये, मुंबई में 852.50 रुपये और चेन्नई में 868.50 रुपये पर स्थिर है। इस बदलाव से यह भी स्पष्ट है कि आम जनता को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है जब तक सरकार या कंपनियां घरेलू गैस की कीमतों में राहत का फैसला नहीं करतीं।

बहरहाल, कमर्शियल सिलेंडर के दामों में कटौती फूड इंडस्ट्री और छोटे व्यापारियों के लिए राहत का संकेत है। लेकिन घरेलू उपभोक्ताओं की नजरें अब अगली समीक्षा पर टिकी हैं, जहां उम्मीद की जा रही है कि उन्हें भी महंगाई से राहत मिल सकेगी। क्या एलपीजी की कीमतें आने वाले महीनों में और घटेंगी? यह बाजार की स्थिति और वैश्विक तेल कीमतों पर निर्भर करेगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।