नई दिल्ली (29 अप्रैल, 2025): दिल्ली की राजनीति में एक बार फिर से महिलाओं को लेकर किए गए वादों पर घमासान छिड़ गया है। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार बनने से पहले नरेंद्र मोदी ने दिल्ली की महिलाओं से वादा किया था कि हर महीने उन्हें ₹2500 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह ‘मोदी की गारंटी’ बताकर प्रचारित किया गया था, लेकिन अब यह वादा टूटता नजर आ रहा है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बीजेपी ने दावा किया था कि 8 मार्च से महिलाओं के खातों में पैसे आना शुरू हो जाएंगे। लेकिन अब शर्तें बदल दी गई हैं। पहले यह वादा 18 वर्ष से ऊपर की सभी महिलाओं के लिए था, अब इसे 21 साल कर दिया गया है। इतना ही नहीं, अब हर परिवार में केवल एक महिला को ही यह राशि देने की बात की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिनके पास बीपीएल कार्ड या राशन कार्ड है, उन्हीं को यह लाभ मिलेगा। इसका सीधा मतलब है कि बड़ी संख्या में दिल्ली के गांवों और पूर्वांचल की महिलाओं को इस योजना से बाहर कर दिया गया है। दिल्ली में कई ऐसे परिवार हैं जिनका राशन कार्ड समय पर नवीनीकरण नहीं हो सका या जिनके नाम जानबूझकर हटाए गए हैं।
भारद्वाज ने कहा कि बीजेपी अब कह रही है कि ₹2500 की पूरी राशि भी नहीं दी जाएगी — कुछ पैसा दिया जाएगा और कुछ सरकार अपने पास रखेगी। यह महिलाओं के सम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ धोखा है।
आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि प्रधानमंत्री अपनी ‘गारंटी’ को निभाएं और बिना शर्त सभी महिलाओं को ₹2500 प्रतिमाह की सहायता तुरंत शुरू की जाए।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।