दिल्ली में भाजपा की चार इंजन की सरकार, अब काम करके दिखाना होगा : सौरभ भारद्वाज, AAP

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (25 अप्रैल 2025): दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव में आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को अपने एलान के मुताबिक चुनाव का बहिष्कार किया। इस मौके पर आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने भाजपा पर सीधा हमला करते हुए कहा कि अब भाजपा की चार इंजन वाली सरकार को काम करके दिखाना होगा। अब जनता बहानेबाजी और बयानबाजी नहीं सहेगी।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा ने तमाम जोड़तोड़ और हथकंडों के बावजूद एमसीडी में 117 पार्षद ही जुटा पाई, जबकि बहुमत के लिए 120 पार्षदों की जरूरत होती है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि अब भाजपा को दिल्ली में चार इंजन के साथ बिना किसी बहाने के काम करना होगा। जनता एक महीने में भाजपा की असलियत जान जाएगी।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एमसीडी में सत्ता पाने के लिए भाजपा ने कई साजिशें रचीं। पहले वार्डों का परिसीमन कर गड़बड़ी की गई, फिर एल्डरमैन से जबरन वोट डलवाने की कोशिश हुई, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने रोक दिया। भारद्वाज ने कहा कि इसके बाद भाजपा ने डराने-धमकाने और लालच देने जैसे तरीके अपनाए ताकि आम आदमी पार्टी के पार्षदों को तोड़ा जा सके।

आप नेता ने बताया कि दिल्ली के हितों को ध्यान में रखते हुए इस बार पार्टी ने मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए उम्मीदवार नहीं उतारा। अब भाजपा का मेयर और डिप्टी मेयर बन चुका है, इसलिए भाजपा को स्टैंडिंग कमेटी बनाकर दिल्ली के विकास कार्यों में तेजी लानी चाहिए।

सौरभ भारद्वाज ने तंज कसते हुए कहा कि अब दिल्ली में भाजपा की चार इंजन वाली सरकार बन गई है, केंद्र सरकार, उपराज्यपाल, एमसीडी और दिल्ली की सत्ता, इसलिए अब कोई बहाना नहीं चलेगा, केवल काम करना पड़ेगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।