पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, गोली लगने से एक घायल, चोरी का माल और हथियार बरामद
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (25 अप्रैल 2025): ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में बीती रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दो अन्य को पुलिस ने कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों के कब्जे से चोरी का सामान, नगदी, अवैध हथियार और घटनास्थल पर प्रयुक्त साइकिल बरामद की है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि 24 अप्रैल की रात थाना ईकोटेक-3 पुलिस द्वारा लखनावली रोड पुस्ता के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। जब उन्हें रुकने का इशारा किया गया तो वे डीआईजी फार्म की ओर तेज रफ्तार से भागने लगे। पुलिस ने शक होने पर पीछा किया तो खुद को घिरता देख बाइक पर पीछे बैठे बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे तत्काल गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायल बदमाश की पहचान गगन उर्फ जीनू उर्फ शिवम के रूप में हुई है, जबकि उसके दो अन्य साथी मनी और सुहेल उर्फ गोलू को कॉम्बिंग के दौरान पकड़ा गया। तीनों के पास से कुल 44,500 रुपये नकद, पीली व सफेद धातु की अंगूठियां, पायल, बिछुए, चोरी की गई अन्य ज्वेलरी तथा घटना में प्रयुक्त पेशन प्रो साइकिल बरामद हुई है। इसके अलावा उनके पास से दो अवैध तमंचे, कारतूस, एक अवैध चाकू, एक लोहे की आरी, हथौड़ा, लोहे की सरिया का टुकड़ा और एक पन्ना भी बरामद किया गया है।
घायल बदमाश का इलाज अस्पताल में चल रहा है जबकि बाकी दोनों से पूछताछ जारी है। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और गिरोह से जुड़ी अन्य कड़ियों को भी खंगाला जा रहा है। इस मुठभेड़ और गिरफ्तारी से क्षेत्र में हो रही चोरियों पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।