जम्मू-कश्मीर आतंकी हमले के बाद दिल्ली में हाई लेवल मीटिंग, सुरक्षा हालात पर मंथन

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (23 अप्रेल 2025): जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद पूरे देश में आक्रोश और शोक की लहर है। इस हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई, जिनमें अधिकतर टूरिस्ट थे। आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा से जुड़ी एक हाई लेवल मीटिंग बुलाई। इस बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, तीनों सेनाओं के प्रमुखों सहित शीर्ष सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में कश्मीर घाटी में बदले हालात, सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और आगे की रणनीति पर गहन चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, आज होने वाली सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति की बैठक में भी इस मुद्दे पर विस्तार से मंथन किया जाएगा।

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सऊदी अरब की अपनी आधिकारिक यात्रा बीच में छोड़ते हुए तत्काल दिल्ली लौटने का निर्णय लिया। वे हमले की गंभीरता को देखते हुए अब 24 अप्रैल को प्रस्तावित कानपुर दौरे पर भी नहीं जाएंगे। प्रधानमंत्री का यह कदम बताता है कि सरकार इस हमले को लेकर कितनी संवेदनशील है और वह किसी भी कीमत पर दोषियों को सज़ा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। पीएम की अनुपस्थिति में सभी शीर्ष मंत्री और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति की लगातार निगरानी कर रही हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी इस हमले के तुरंत बाद सक्रिय हो गए। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और शोक व्यक्त किया। सोशल मीडिया पर उन्होंने अपने संदेश में लिखा, “पहलगाम के आतंकी हमले में अपनों को खोने का दर्द हर भारतीय को है। इस दुःख को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। मैं देश को विश्वास दिलाता हूं कि इन निर्दोषों की हत्या करने वाले आतंकियों को बख्शा नहीं जाएगा।” इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से घटनास्थल का भी जायजा ले रहे हैं ताकि जमीनी हालात का मूल्यांकन कर सकें।

सुरक्षा एजेंसियों ने इस हमले की तुलना 2019 में पुलवामा में हुए आत्मघाती हमले से की है। बताया जा रहा है कि इस हमले की जिम्मेदारी The Resistance Front नाम के आतंकी संगठन ने ली है, लेकिन जांच एजेंसियों को शक है कि इसके पीछे लश्कर-ए-तैयबा का हाथ हो सकता है। अभी तक तीन आतंकवादियों की पहचान कर ली गई है और उनके स्केच भी जारी कर दिए गए हैं। एजेंसियां उनकी धरपकड़ के लिए ऑपरेशन चला रही हैं। साथ ही मारे गए सभी 26 लोगों की पहचान हो चुकी है, जिनमें जयपुर के नीरज उधवानी भी शामिल हैं। उनका शव आज रात राजस्थान की राजधानी पहुंचेगा।

देश के सामने एक बार फिर आतंक का काला चेहरा सामने आया है। लेकिन इस बार सरकार की मंशा स्पष्ट है।आतंक के इस खेल को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुरक्षा एजेंसियों और राजनीतिक नेतृत्व की तत्परता यह संकेत देती है कि आने वाले दिनों में जवाबी कार्रवाई की ज़मीन तैयार हो चुकी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।