सीएम रेखा गुप्ता ने दी शहीद लेफ्टिनेंट विनय नरवाल को श्रद्धांजलि, कहा- देश आहत और आक्रोशित है

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (23 अप्रैल 2025): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस कायराना हरकत से पूरा देश आहत और आक्रोशित है। उन्होंने कहा कि भारतीय नौसेना के वीर अधिकारी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल जैसे जांबाज सपूतों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। इस हमले ने देशवासियों के दिलों को झकझोर दिया है और आतंक के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने की प्रेरणा दी है। मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा कि यह हमला सिर्फ एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि पूरे भारत की आत्मा पर प्रहार है, जिसका माकूल जवाब दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बुधवार को इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, नई दिल्ली पहुँचीं, जहाँ उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए नौसेना अधिकारी लेफ्टिनेंट विनय नरवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीद के पार्थिव शरीर को नमन किया और उनके परिजनों से भेंट कर संवेदनाएं प्रकट कीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि देश अपने सपूत के बलिदान को कभी नहीं भूलेगा और यह बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने शहीद परिवार के धैर्य और संकल्प को नमन करते हुए कहा कि सरकार हर संभव मदद के लिए तत्पर है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत पीड़ादायक क्षण है और शब्द भी इस दुःख को बयाँ करने में असमर्थ हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि वह दिवंगत आत्मा को शांति दें और परिवारजनों को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। रेखा गुप्ता ने यह भी दोहराया कि आतंकवाद के खिलाफ देश की लड़ाई निर्णायक मोड़ पर है और ऐसे हमले हमारे हौसले को तोड़ नहीं सकते। शहीद लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की शहादत को राष्ट्र हमेशा याद रखेगा और उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम एकजुट होकर आतंकवाद को जड़ से समाप्त करें।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।