बारात में हुआ मामूली विवाद बना हमले की वजह, युवक के साथ मारपीट कर की फायरिंग

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (23 अप्रैल 2025): ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान शुरू हुआ मामूली झगड़ा एक हिंसक वारदात में बदल गया। बुलंदशहर जिले के दाउदपुर निवासी गौरव नामक युवक के साथ न केवल मारपीट की गई, बल्कि उस पर फायरिंग कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। आरोपियों ने गौरव की सोने की चेन भी छीन ली और फरार हो गए।

यह घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है। गौरव फलैदा गांव में एक बारात में शामिल हुआ था। बारात के दौरान जब मेहमान खाना खा रहे थे, तभी गौरव की कुछ स्थानीय युवकों से हल्की-फुल्की धक्कामुक्की हो गई। यह विवाद उस समय तो शांत हो गया, लेकिन कुछ लोगों ने इसे दिल पर ले लिया और बदला लेने की ठान ली।

बारात से लौटते समय जब गौरव अपनी कार से वापस जा रहा था, तभी आरोपियों ने उसकी गाड़ी को सुनसान जगह पर रोक लिया। वहां पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने हथियार दिखाकर गौरव को बाहर निकाला और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान एक आरोपी ने फायरिंग भी की, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। इसके बाद हमलावर गौरव की सोने की चेन लूटकर मौके से फरार हो गए। हमले में गौरव के सिर पर गंभीर चोट आई है और उसे तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। गौरव द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद उचित कानूनी करवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।