उत्तर भारत में पांच दिन तक भीषण लू का कहर, पूर्वोत्तर व दक्षिण भारत में झमाझम बारिश के आसार

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (21 अप्रैल 2025): दिल्ली-एनसीआर में अगले पांच दिनों तक लू के थपेड़े झेलने पड़ सकते हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 21 से 25 अप्रैल के बीच राजधानी समेत आसपास के इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहेगा। ऐसे में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है, जिससे दिल्लीवासियों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान दिल्ली में तेज़ धूप के साथ गर्म हवाएं चलेंगी, जो लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया। अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 से 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री और अधिकतम तापमान सामान्य से 1 से 3 डिग्री अधिक रहा। मंगलवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, हालांकि शाम को आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं। सतही हवाएं 10 से 20 किमी प्रति घंटे की गति से चलेंगी।

बुधवार को तापमान में और अधिक वृद्धि होने की संभावना है। दिन का तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से 10-15 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चलेगी, जो दोपहर तक तेज़ होकर 20-30 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। शाम और रात के समय हवा की गति थोड़ी धीमी हो जाएगी, लेकिन उत्तर-पश्चिम दिशा से ही जारी रहेगी।

दिल्ली के अलावा मध्य भारत और उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में भी गर्मी के तेवर तीखे रहेंगे। मौसम विभाग ने बताया है कि 21 से 25 अप्रैल के दौरान मध्य भारत में लू चल सकती है, जबकि 22 से 26 अप्रैल के बीच दक्षिण उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दक्षिण हरियाणा और दक्षिण पंजाब में गर्म हवाएं चलने की संभावना है। इन राज्यों में भी दिन के तापमान में सामान्य से अधिक वृद्धि दर्ज की जा सकती है।

दूसरी ओर, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में मौसम का मिज़ाज अलग रहेगा। असम और मेघालय में 21 से 26 अप्रैल तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। अरुणाचल प्रदेश में 22 से 26 अप्रैल के बीच अच्छी बारिश हो सकती है, जबकि नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 21 और 23 अप्रैल को भारी वर्षा हो सकती है। इन राज्यों में मानसून पूर्व की गतिविधियां तेज़ हो रही हैं, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

दक्षिण भारत में भी मौसम सक्रिय बना रहेगा। कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, केरल और पुडुचेरी के माहे क्षेत्र में तेज़ हवाओं के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। हवाओं की रफ्तार 30 से 50 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है। इसके अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तेलंगाना में अगले सात दिनों तक बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। मौसम विभाग ने 21 अप्रैल को केरल और माहे में भारी वर्षा की चेतावनी दी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।