‘सम्मा सती- द राइट माइंडफुलनेस’ का भव्य विमोचन: आध्यात्मिक चेतना को नई दिशा देते डॉ. के.एम. चौधरी

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा, (21 अप्रैल 2025): ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में प्रबंधक पद पर कार्यरत डॉ. कमलेश मणि चौधरी द्वारा रचित पुस्तक “सम्मा सती – द राइट माइंडफुलनेस” का भव्य विमोचन रविवार को हिंदी भवन, दिल्ली के ऑडिटोरियम में किया गया। यह कार्यक्रम साहित्य प्रेमी मंडल संस्था द्वारा आयोजित एक भव्य कवि सम्मेलन के अवसर पर संपन्न हुआ।

पुस्तक का विमोचन प्रख्यात राष्ट्रवादी वीर रस के कवि डॉ. हरिओम पवार ने किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि डॉ. कमलेश चौधरी की यह पुस्तक आत्मिक चेतना और आध्यात्मिक जागरूकता की दिशा में एक अनुकरणीय प्रयास है, जो समाज को सजग और संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देती है।

इस अवसर पर मंच पर देश के अनेक प्रतिष्ठित कवि एवं साहित्यकार उपस्थित रहे, जिनमें पद्मश्री सुरेन्द्र दुबे, डॉ. विष्णु सक्सेना, डॉ. प्रवीण शुक्ल, डॉ. बृजेश श्रीवास्तव और डॉ. कीर्ति काले प्रमुख रहे। सभी ने पुस्तक की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि “सम्मा सती – द राइट माइंडफुलनेस” में जीवन को सजगता और mindfulness के साथ जीने के अत्यंत प्रभावी तरीके प्रस्तुत किए गए हैं, जो आज के भागदौड़ भरे जीवन में विशेष रूप से प्रासंगिक हैं।

कार्यक्रम की गरिमा उस समय और भी बढ़ गई जब दिल्ली विधानसभा के स्पीकर विजेंद्र गुप्ता और सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा भी इस अवसर पर उपस्थित हुए। दोनों अतिथियों ने लेखक को शुभकामनाएं दीं और उनके कार्य की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान मौजूद श्रोताओं ने ताली बजाकर डॉ. कमलेश चौधरी का उत्साहवर्धन किया और उन्हें इस रचनात्मक उपलब्धि के लिए बधाई दी।

डॉ. कमलेश चौधरी की यह पुस्तक “सम्मा सती – द राइट माइंडफुलनेस” अब पाठकों के लिए सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफार्म जैसे अमेज़न, फ्लिपकार्ट और किंडल पर उपलब्ध है, जहाँ से इसे आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।