AAP का बड़ा ऐलान: Delhi MCD में नहीं लड़ेगी मेयर चुनाव, BJP को ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ की कमान
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (21 अप्रैल, 2025): दिल्ली की राजनीति में बड़ा मोड़ आया है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने एलान किया है कि वह इस बार मेयर चुनाव में अपना प्रत्याशी नहीं उतारेगी। पार्टी ने यह फैसला ऐसे समय में लिया है जब बीजेपी पार्षदों की संख्या में बढ़त बना चुकी है। विपक्ष में बैठी पार्टी ने भाजपा को ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ चलाने का खुला मौका दे दिया है।
दिल्ली के आप संयोजक सौरभ भारद्वाज और नेता विपक्ष आतिशी ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र और बीजेपी पर तीखा हमला बोला। सौरभ ने कहा, “दिल्ली में सत्ता को लेकर बीजेपी की डिप्रेशन हम पिछले कई सालों से देख रहे हैं। 2022 में जब MCD चुनाव घोषित होने थे, उससे ठीक पहले केंद्र सरकार ने चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस रुकवा दी और परिसीमन का बहाना बनाकर चुनाव 8 महीने टाल दिए।”
उन्होंने आरोप लगाया कि हर वार्ड को बड़ा कर आप और बीजेपी के वॉर्ड्स को मिलाकर गड़बड़ी की गई, फिर भी AAP को बहुमत मिला। सौरभ ने आरोप लगाया कि “उसके बाद मेयर चुनाव में BJP ने बदतमीज़ी की। आज जो मुख्यमंत्री बनी हैं रेखा गुप्ता, उस समय माइक तोड़ रही थीं।”
वहीं नेता विपक्ष आतिशी ने कहा, “देशभर में ऑपरेशन लोटस के तहत बीजेपी विपक्षी पार्टियों को तोड़कर सरकार बनाती है। दिल्ली में भी MCD में करारी हार के बाद उन्होंने एक्ट लाकर वॉर्ड घटाए, चुनाव टाले और AAP को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। फिर भी हम बहुमत में आए।”
AAP नेताओं ने दावा किया कि पिछले ढाई साल में बीजेपी ने कई AAP पार्षदों को डराकर, धमकाकर अपने पाले में लाने की कोशिश की। उन्होंने कहा, “हम खरीद-फरोख्त की राजनीति नहीं करते। इसलिए अब MCD में BJP को खुलकर सरकार चलाने दें।”
AAP अब विपक्ष में बैठकर दिल्ली की जनता की आवाज़ बनेगी। वहीं भाजपा के पास अब बहानों की कोई गुंजाइश नहीं है, जनता अब सीधे तौर पर सफाई, पानी, सड़क और व्यवस्था के लिए बीजेपी से जवाब मांगेगी।
MCD की सत्ता अब पूरी तरह बीजेपी के हाथ में है। देखना दिलचस्प होगा कि ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ जनता की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।