जलसंकट का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: प्रवीण खंडेलवाल, भाजपा सांसद
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (20 अप्रैल 2025): दिल्ली की जनता के लिए राहत की बड़ी खबर आई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी में जल संकट से जूझ रही जनता के लिए 1111 जल टैंकरों की सौगात दी है। इस पहल का उद्देश्य राजधानी के उन इलाकों में पानी की तात्कालिक जरूरतों को पूरा करना है, जहां अब तक पाइपलाइन के ज़रिए जल आपूर्ति नहीं हो पाई है।

इस मौके पर चांदनी चौक से भारतीय जनता पार्टी के सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने टेन न्यूज़ नेटवर्क से खास बातचीत में कहा कि दिल्ली की नई सरकार ने जल संकट को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा है। उन्होंने कहा, “1111 पानी के टैंकरों की शुरुआत इस दिशा में पहला कदम है। यह व्यवस्था फिलहाल एक अस्थायी समाधान है, लेकिन हमारी सरकार का अंतिम लक्ष्य हर घर में पाइपलाइन के माध्यम से पानी पहुंचाना है।”
सांसद खंडेलवाल ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने केवल भ्रष्टाचार किया और जनता की बुनियादी ज़रूरतों की अनदेखी की। उन्होंने दावा किया कि रेखा गुप्ता की सरकार पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ जनसेवा में जुटी है और जल संकट के स्थायी समाधान के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है।
दिल्लीवासियों को उम्मीद है कि इस कदम से जल संकट में तत्काल राहत मिलेगी और आने वाले समय में स्थायी समाधान भी सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में राजधानी में जल प्रबंधन को लेकर नई नीति और नई ऊर्जा देखने को मिल रही है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।