किसानों को बड़ी सौगात, भूखंडों में मिलेंगी सभी बुनियादी सुविधाएं | ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण
टेन न्यूज़ नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (20 अप्रैल 2025): ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GNIDA) ने क्षेत्र के किसानों के हित में एक अहम फैसला लिया है। अब किसानों को मिलने वाले छह फीसदी भूखंडों में सड़क, बिजली, पानी और सीवर जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इस निर्णय की घोषणा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने की।
यह फैसला जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह की अगुवाई में आयोजित एक बैठक के दौरान लिया गया, जिसमें ग्रेटर नोएडा के कई किसान मौजूद थे। बैठक में किसानों ने अपनी कई अहम मांगें रखीं, जिनमें ग्रामीण आबादी की बैकलीज, प्लॉट शिफ्टिंग की समस्याएं और गांवों के समग्र विकास की बात प्रमुख रही। इस बैठक में एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव और श्रीलक्ष्मी वीएस भी मौजूद रहीं।
प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने जानकारी दी कि गांवों के विकास हेतु 1000 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस धनराशि का उपयोग गांवों में सड़क, सीवर, पानी और बिजली जैसी आवश्यक सुविधाओं के विकास में किया जाएगा। उन्होंने परियोजना विभाग को निर्देशित किया कि सभी गांवों को मुख्य सड़कों से जोड़ने का कार्य शीघ्रता से पूरा किया जाए।
स्वर्णनगरी में मिल्क बूथ स्थापित करने का निर्णय
बैठक के दौरान विधायक धीरेंद्र सिंह के सुझाव पर प्राधिकरण ने स्वर्णनगरी क्षेत्र में मिल्क बूथ स्थापित करने का निर्णय भी लिया। इसके लिए नियोजन विभाग को जल्द से जल्द उपयुक्त स्थान चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त, सीईओ ने प्राधिकरण के अधिकारियों को आगंतुकों से शालीन व्यवहार करने का स्पष्ट निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी अधिकारी द्वारा आगंतुकों के साथ अभद्रता की जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस निर्णय से न सिर्फ किसानों को राहत मिलेगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों का समुचित विकास भी सुनिश्चित हो सकेगा। प्राधिकरण की यह पहल ग्रेटर नोएडा को एक विकसित और संतुलित क्षेत्र के रूप में आगे बढ़ाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।