आवारा कुत्तों की जनसंख्या पर लगाम लगाना जरूरी – विजय गोयल

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (19 अप्रैल, 2025): आवारा कुत्तों के काटने की समस्या का आन्दोलन जोर पकड़ता जा रहा है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल ‘लोक अभियान’ संस्था की ओर से आन्दोलन को पिछले दो साल से चला रहे हैं। आन्दोलन की इस कड़ी में गोयल हर रोज दो मीटिंगें आर.डब्ल्यू.ए. के साथ मिलकर पार्कों व कालोनियों में कर रहे हैं। रविवार 20 अप्रैल को प्रातः 10 बजे यह मीटिंग रोहिणी सेक्टर 3 में और पश्चिम विहार में सायं 5 बजे होगी।

गोयल ने कहा कि वे केवल लोगों की आवारा कुत्तों को लेकर जो समस्याएं हैं, उनको उठा रहे हैं। उनका विरोध किसी भी जानवर या कुत्ते से नहीं है।

गोयल ने कहा कि ये बड़े दुःख की बात है कि कुछ लोग जो इन आवारा कुत्तों को खाना देते हैं, वे उनसे लड़ने के लिए आ जाते हैं और बुरी-बुरी गालियां देते हैं। अपने आपको ये लोग पशु प्रेमी कहते हैं, पर एक भी आवारा कुत्ते को आज तक इन्होंने गोद नहीं लिया।

गोयल ने कहा कि हमारी मांग है कि इन आवारा कुत्तों की 100 प्रतिशत नसबंदी (Sterilization) की जाए ताकि उनकी संख्या जो दिल्ली में 8 लाख है, वह 60 लाख न हो जाए। गोयल ने बताया कि यह आन्दोलन चलाकर वे कुत्तों को सम्मान दिला रहे हैं, अन्यथा देश में रोज जो 20,000 कुत्ते, लोगों को काटते हैं, उसके कारण लोग उनसे नफरत करने लगेंगे। आवारा कुत्तों की जनसंख्या में लगाम लगाना जरूरी है।

गोयल ने बताया कि लोगों को जानकारी नहीं है कि देश भर में 12 करोड़ से अधिक कुत्ते हैं। अकेले दिल्ली में 8 लाख से ज्यादा और 2000 केस कुत्तों के काटने के दिल्ली में प्रतिदिन आते हैं। अकेले राम मनोहर लोहिया अस्पताल में प्रतिदिन 200 केस आते हैं।

गोयल ने बताया कि आवारा कुत्तों की समस्याओं को लेकर पशुपालन मंत्रालय भारत सरकार, दिल्ली स्वास्थ्य मंत्रालय, राज्य सरकारें एवं स्थानीय निकाय जिम्मेदार हैं। दिल्ली के अन्दर एमसीडी ने कुत्तों की नसबन्दी (Sterilization) की जिम्मेदारी सिर्फ 12 एनजीओ को दे रखी है, जिनमें काफी भ्रष्टाचार है, इनमें से बहुत सी संस्थाएं विदेशी फंडिंग के लालच में चल रही हैं।

गोयल ने बताया कि पार्कों के अन्दर लोगों ने अपने बच्चों को भेजना बन्द कर दिया है और लोगों ने कुत्तों से बचने के लिए लाठियां पकड़ना शुरू कर दिया है।

गोयल ने कहा कि आरडब्ल्यूए संगठित होकर आवारा कुत्तों की समस्याओं का निदान चाहती है, इसलिए हमारा यह आन्दोलन चल रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।