UNESCO की ‘विश्व स्मृति रजिस्टर’ में दर्ज हुईं भगवद गीता और नाट्यशास्त्र की पांडुलिपियां
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (19 अप्रैल 2025): भारत को एक और अंतरराष्ट्रीय गौरव हासिल हुआ है। श्रीमद् भागवत गीता और भरत मुनि के नाट्यशास्त्र की प्राचीन पांडुलिपियों को यूनेस्को ने अपने प्रतिष्ठित “विश्व स्मृति रजिस्टर” (Memory of the World Register) में शामिल किया है। यह रजिस्टर विश्व की उन अमूल्य धरोहरों की सूची है, जिनका सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व वैश्विक स्तर पर अत्यधिक है। यूनेस्को द्वारा जारी नई सूची में दुनियाभर से 74 नए दस्तावेजों और पांडुलिपियों को जोड़ा गया है, जिससे इस रजिस्टर में कुल संग्रहों की संख्या बढ़कर 570 हो गई है। भारत से इस बार जिन दो धरोहरों को चुना गया है, वे भारतीय दर्शन, कला, संस्कृति और अध्यात्म का प्रतिनिधित्व करती हैं।
गौरव की बात: भारतीय ज्ञान परंपरा को मिला सम्मान
भरत मुनि द्वारा रचित नाट्यशास्त्र को विश्व का पहला थिएटर ग्रंथ माना जाता है, जिसमें नृत्य, नाटक, अभिनय, रस सिद्धांत और संगीत से संबंधित गहन विवरण मिलता है। वहीं, भगवद गीता को जीवन दर्शन और मानव कल्याण का मार्गदर्शक माना जाता है, जो विश्व के अनेक भाषाओं में अनूदित हो चुका है और करोड़ों लोगों को प्रभावित करता रहा है। यूनेस्को के इस फैसले से न केवल भारत की सांस्कृतिक धरोहर को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान मिली है, बल्कि वैश्विक विरासत के रूप में भारतीय ज्ञान परंपरा को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी माना जा रहा है। संस्कृति मंत्रालय और राष्ट्रीय अभिलेखागार के प्रयासों से यह सफलता मिली है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस उपलब्धि पर देशवासियों को बधाई दी और कहा कि यह भारत की समृद्ध संस्कृति और ज्ञान परंपरा का प्रमाण है, जिससे आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिलेगी।यह उपलब्धि भारत को अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए और अधिक प्रयास करने की प्रेरणा देती है, साथ ही यह बताती है कि हमारे शास्त्र आज भी पूरी दुनिया को दिशा देने की क्षमता रखते हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।