ग्रेटर नोएडा (18 अप्रैल 2025): ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 पुलिस को आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी, जब मुठभेड़ के दौरान एक 25 हजार रुपये के ईनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अवस्था में पकड़ा गया आरोपी डी-181 नामक कुख्यात गैंग का सक्रिय सदस्य है, जिसकी पहचान सुकेश निवासी ग्राम हिनरोटी, थाना ककोड़, जिला बुलंदशहर के रूप में हुई है।
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आज सुबह थाना बीटा-2 पुलिस द्वारा एटीएस गोलचक्कर के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया तो वह बिना रुके भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया, जिसके बाद खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी।
पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही दबोच लिया गया। आरोपी के पास से एक तमंचा, कारतूस और चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है और उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
गहन पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुकेश, रजिस्टर्ड गैंग डी-181 का सक्रिय सदस्य है। इस गैंग का सरगना निखिल फिलहाल जेल में बंद है। वर्ष 2022 में इसी गैंग ने एसटीएफ के एक कर्मचारी से उसकी मारुति ईको कार (UP16 AH 6617), उसमें रखी पिस्टल और वाई-फाई डिवाइस को लूटने की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, सुकेश अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अवैध हथियारों के दम पर जनता को डरा-धमकाकर डकैती और लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। उसका मकसद अवैध रूप से भौतिक और आर्थिक लाभ प्राप्त करना था। फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गैंग से जुड़ी अन्य जानकारी जुटा रही है और इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।