ग्रेटर नोएडा (17 अप्रैल 2025): ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में सोमवार रात एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया जब अवैध खनन की सूचना पर कार्रवाई के लिए पहुंची यमुना प्राधिकरण की टीम पर खनन माफिया ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने न केवल टीम पर गोलियां चलाईं, बल्कि जेसीबी मशीन से उनकी सरकारी गाड़ी को भी पलट दिया। घटना में सभी अधिकारी बाल-बाल बच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यमुना प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक संजय कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक टीम दनकौर के सेक्टर 17 क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायत पर कार्रवाई करने पहुंची थी। टीम में सुपरवाइजर प्रमोद कुमार, गनमैन हरेंद्र सिंह, सुरक्षाकर्मी उदयवीर सिंह और विनोद कुमार शामिल थे। जब टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि एक जेसीबी मशीन और चार डंपरों की मदद से रेत की अवैध खुदाई की जा रही थी।
टीम द्वारा अवैध खनन रोकने की कोशिश करते ही माफियाओं ने फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए हमले में सभी अधिकारी जान बचाने के लिए जमीन पर लेट गए और किसी तरह वहां से भागकर अपनी सरकारी गाड़ी तक पहुंचे। इस बीच आरोपियों ने एक जेसीबी मशीन से उनकी गाड़ी को पलट दिया, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई।
हमले के बाद यमुना प्राधिकरण की शिकायत पर दनकौर थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज किया। शुरुआती जांच के आधार पर 10 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्यवाही करते हुए अब तक मुख्य आरोपी दीपक कसाना, विनय, रविंद्र, गौरव, और राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से चार हाईवा डंपर और एक जेसीबी मशीन बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में से रविंद्र दनकौर का निवासी है, जबकि निक्की नामक आरोपी झांसी का रहने वाला है। कोतवाल प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
इस घटना ने नोएडा में अवैध खनन माफियाओं की बढ़ती हिम्मत और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यमुना प्राधिकरण ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है, वहीं पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी है। यह घटना प्रदेश में अवैध खनन को लेकर सरकारी अमले पर बढ़ते हमलों की एक और कड़ी बन गई है, जिस पर अब सख्त कार्रवाई की ज़रूरत महसूस की जा रही है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।