दादरी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक घायल अवस्था में गिरफ्तार
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा, (17 अप्रैल 2025): ग्रेटर नोएडा के थाना दादरी क्षेत्र में बीती रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 16 अप्रैल की रात को दादरी थाना पुलिस द्वारा दादरी बाईपास पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक बिना नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन बाइक सवार युवक रुकने के बजाय तेजी से भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उनका पीछा किया और नई बस्ती उर्फ बैरंगपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित चिटहैरा श्मशान घाट के पास दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान नाजिम पुत्र याकूब निवासी ग्राम रतुपुरा, थाना सिम्भावली, जनपद हापुड़, उम्र करीब 28 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने नाजिम को मौके से गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक अवैध कारतूस, एक रस्सी, एक इंजेक्शन, एक सिरिंज (सैफ प्लस), एक मोटी पशु वाली सूई, एक धारदार लोहे का दाव और एक चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (बिना नंबर प्लेट) बरामद की है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घायल बदमाश नाजिम गौकशी जैसे संगीन अपराधों में लिप्त रहा है। उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
वहीं, उसका एक साथी मुठभेड़ के दौरान अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस कांबिंग ऑपरेशन चला रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर विश्वास और मजबूत हुआ है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।