नोएडा (14 अप्रैल 2025): नोएडा के सेक्टर-91 स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क में प्रस्तावित “सनसेट सफारी डियर पार्क” को केंद्र सरकार से सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। अब केवल स्वीकृति से संबंधित औपचारिक पत्र की प्रतीक्षा की जा रही है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को नोएडा प्राधिकरण 30 एकड़ भूमि पर मिनी जू की तर्ज पर विकसित करेगा, जिस पर लगभग 40 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
सनसेट सफारी होगी प्रमुख आकर्षण
यह डियर पार्क नोएडा का पहला “सनसेट सफारी” अनुभव प्रदान करेगा। इसमें आगंतुक सूर्यास्त के बाद रात करीब 10 बजे तक विशेष स्पेक्ट्रम लाइट्स की सहायता से हिरणों और जल पक्षियों को देख सकेंगे। इन लाइट्स की खासियत यह होगी कि जानवरों को यह अंधेरा ही महसूस होगा जबकि पर्यटक स्पष्ट रूप से उन्हें देख सकेंगे। यह एक प्रकार का नाइट सफारी अनुभव होगा जो पर्यावरणीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाएगा।
अफ्रीका से लाई जाएंगी हिरणों की दुर्लभ प्रजातियां
डियर पार्क में कुल 10 प्रजातियों के 132 हिरण शामिल किए जाएंगे, जिनमें से तीन दुर्लभ प्रजातियां अफ्रीका से मंगाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त, कानपुर, लखनऊ और हैदराबाद के चिड़ियाघरों से भी हिरणों को यहां स्थानांतरित किया जाएगा। इस परियोजना के लिए वन्यजीव विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है ताकि विभिन्न प्रजातियों के हिरणों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा सके।
प्रक्रिया शुरू, डीपीआर की तैयारी जल्द
नोएडा प्राधिकरण जल्द ही इस परियोजना के लिए एक परामर्शदाता (कंसल्टेंट) नियुक्त करेगा जो इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करेगा। अधिकारियों के अनुसार, राज्य और केंद्र सरकार से सभी आवश्यक औपचारिक मंजूरियाँ पहले ही प्राप्त की जा चुकी हैं। अब डिजाइनिंग और संरचना के काम की शुरुआत की जाएगी।
नोएडा-गाजियाबाद क्षेत्र में पहला ऐसा डियर पार्क
प्राधिकरण ने बताया कि नोएडा, गाजियाबाद और आस-पास के क्षेत्रों में इस प्रकार का कोई भी डियर पार्क नहीं है। इस कारण यह परियोजना पर्यटन और जैव विविधता संरक्षण दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसके बनने से क्षेत्र में पर्यावरणीय जागरूकता बढ़ेगी और लोगों को वन्यजीवों के करीब से देखने और समझने का अवसर मिलेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।