IGI एयरपोर्ट पर बड़ा बदलाव, टर्मिनल-2 की सभी उड़ानें टर्मिनल-1 से होगी संचालित
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (13 अप्रैल 2025): इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक अहम बदलाव होने जा रहा है। 15 अप्रैल से अगले आदेश तक टर्मिनल-2 को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा और यहां से चलने वाली करीब 270 उड़ानें अब टर्मिनल-1 से संचालित होंगी। ये सभी उड़ानें इंडिगो और अकासा एयरलाइंस की होंगी। टर्मिनल-1 के फोरकोर्ट की छत गिरने के बाद से इसका प्रस्थान क्षेत्र पूरी क्षमता से काम नहीं कर रहा था, लेकिन 15 अप्रैल से इसे फिर से पूरी तरह से शुरू किया जा रहा है।
हवाई अड्डा प्रबंधन ने टर्मिनल-1 को पूरी क्षमता से संचालन के लिए तैयार करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। फिलहाल दिन-रात काम चल रहा है ताकि 14 अप्रैल तक अंदर और बाहर के सभी निर्माण व मरम्मत कार्य पूरे हो जाएं। फोरकोर्ट क्षेत्र में कारपेंटिंग और बिजली के काम अंतिम चरण में हैं। अभियंताओं का कहना है कि सिविल वर्क को 12 अप्रैल तक पूरा कर लेने का लक्ष्य है, ताकि 13 अप्रैल तक सभी तैयारियां पूरी हो जाएं और 15 अप्रैल से यात्रियों को कोई असुविधा न हो।
अभी की स्थिति यह है कि टर्मिनल-1 का फोरकोर्ट क्षेत्र पूरी तरह चालू नहीं है। यात्रियों के प्रवेश के लिए केवल आधे गेट ही खुले हैं और स्थान की कमी के कारण कुछ एयरलाइंस को प्रथम तल पर जगह नहीं मिल पा रही है। इसी बीच इंडिगो ने एक एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि 15 अप्रैल से उनकी सभी उड़ानें टर्मिनल-1 से संचालित होंगी। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे यात्रा से पहले अपनी उड़ान की जानकारी एयरलाइन की वेबसाइट या ऐप से जरूर चेक कर लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।