दिल्ली में सीएम रेखा गुप्ता की जगह उनके पति चला रहे सरकार, AAP का गंभीर आरोप!
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (12 अप्रैल 2024): आम आदमी पार्टी (आप) की विधायक और दिल्ली विधानसभा की नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पति पर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), दिल्ली जल बोर्ड, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करने का आरोप लगाया है। आतिशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बैठक की तस्वीर साझा करते हुए सवाल उठाया कि क्या अब महिला सरपंच की तरह मुख्यमंत्री के पति काम संभालेंगे।
आतिशी ने अपने पोस्ट में लिखा, “हम पहले सुनते थे कि अगर गांव में एक महिला सरपंच चुनकर आती थी, तो सारा सरकारी काम उसका पति संभालता था। ऐसा कहा जाता था कि गांव की महिलाओं को सरकारी काम संभालना नहीं आता, इसलिए काम सरपंच-पति संभालेंगे। लेकिन इस प्रथा का विरोध हुआ, महिला सरपंचों को प्रशिक्षण देने की शुरुआत हुई कि वे अपनी जिम्मेदारी संभाल सकें। लेकिन देश के इतिहास में यह पहली बार हुआ होगा कि एक महिला मुख्यमंत्री बनी और सारा सरकारी काम उनके पति संभाल रहे हैं।” आतिशी ने मुख्यमंत्री से यह भी पूछा कि क्या उन्हें सरकारी काम संभालना नहीं आता।
इस आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए, दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आतिशी को ‘विफल’ मुख्यमंत्री बताया। उन्होंने आतिशी के एक्स पोस्ट पर कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा कि एक महिला होते हुए उन्होंने रेखा गुप्ता के प्रति अपमानजनक कटाक्ष किया है, जिन्होंने अपने परिश्रम से जन सेवा के संकल्प के साथ डूसू छात्रसंघ सचिव से लेकर मुख्यमंत्री पद तक की यात्रा पूरी की है।
सचदेवा ने कहा कि राजनीति में दैनिक जन समस्याओं का निदान अति आवश्यक है और उसमें जनप्रतिनिधि के परिजनों का पार्टी पदाधिकारियों का सहयोग करना सामान्य बात है। भाजपा ने सुनीता केजरीवाल के मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठने आदि को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि क्या यह सब लोकतंत्र का अपमान नहीं था। यह आरोप-प्रत्यारोप दिल्ली के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। आप और भाजपा दोनों ही पार्टियों ने अपने-अपने तर्कों से इस मुद्दे को और गरमा दिया है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।