त्यागराजा सेंटर ऑफ म्यूजिक एंड डांस द्वारा त्रिदर्श नाट्य वैभवम् आयोजित, कई दिग्गज हस्तियों ने की शिरकत

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा, (13 अप्रैल 2025): त्यागराजा सेंटर ऑफ म्यूजिक एंड डांस (TCMD) ने अपने 30वें वार्षिक दिवस समारोह को विशेष सांस्कृतिक आयोजन “त्रिदर्श नाट्य वैभवम् 2025” ( Tridarsha Natya Vaibhavam) के रूप में 12 अप्रैल की शाम नोएडा अय्यप्पा मंदिर स्थित सबरी सांस्कृतिक केंद्र में भव्यता के साथ मनाया। इस आयोजन को नोएडा के 50वें वर्ष में प्रवेश करने के उपलक्ष्य में भी समर्पित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ वंदना त्रिपाठी और एएएफटी फिल्म सिटी के संस्थापक व प्रेसिडेंट संदीप मारवाह और विशेष अतिथि के रूप में अखिल भारतीय गुरुकुल एवं गौशाला अनुसंधान संस्थान के संस्थापक एवं प्रख्यात ज्योतिषाचार्य गुरु जी गौतम ऋषि शामिल हुए।

मुख्य अतिथि वंदना त्रिपाठी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि कला एक ऐसा माध्यम है, जो मानसिक अशांति को भी शांत कर देता है और मानव को पवित्र बनाता है। भरतनाट्यम जैसी दिव्य कला हमारी सांस्कृतिक विरासत है, जिसे जीवंत बनाए रखने का कार्य राजेश्वरी त्यागराजन जैसे समर्पित गुरु कर रहे हैं। उन्होंने भरतनाट्यम की प्रस्तुतियाँ देने वाले बच्चों की सराहना करते हुए उनके माता-पिता और गुरुओं को भी साधुवाद दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन (AAFT) के संस्थापक संदीप मारवाह ने कहा कि “गुरु बिना ज्ञान नहीं मिलता, और बिना सुरों के संगीत नहीं बनता।” उन्होंने त्यागराजा संस्थान की तीन दशकों की कला यात्रा को अत्यंत प्रशंसनीय बताया और कलाकारों को अपने संस्थान द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रस्तुति देने का आमंत्रण भी दिया।

त्यागराजा सेंटर की निर्देशक गुरु आर. वी. त्यागराजन और संचालिका राजेश्वरी त्यागराजन ने बताया कि इस समारोह में संस्थान के जूनियर से लेकर पोस्ट ग्रेजुएशन स्तर तक के विद्यार्थियों ने भरतनाट्यम की विविध प्रस्तुतियाँ दीं। यह आयोजन संस्था के 30 गौरवशाली वर्षों की यात्रा को सम्मान देने के साथ-साथ नोएडा के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भी एक सांस्कृतिक श्रद्धांजलि था। उन्होंने इस आयोजन की सफलता के लिए सभी कलाकारों, गुरुओं और अभिभावकों का आभार जताया। साथ ही, कार्यक्रम में कई सम्मानित हस्तियों और प्रतिभाशाली कलाकारों को भी सम्मानित किया गया।

इस भव्य सांस्कृतिक आयोजन में नोएडा की पूर्व विधायक एवं महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष विमला बाथम, नवरत्न फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. अशोक श्रीवास्तव, नोफा अध्यक्ष राजेश सहाय, टेन न्यूज़ नेटवर्क के संस्थापक गजानन माली सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, कलाकार और अभिभावक उपस्थित रहे। इस आयोजन ने न केवल सांस्कृतिक मूल्यों को उजागर किया, बल्कि भरतनाट्यम के मंच के माध्यम से कला की समृद्ध परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का सशक्त संदेश भी दिया।

त्रिदर्श नाट्य वैभवम् | Thyagaraja Centre For Music and Dance, Noida | Photo Highlights


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।