गौतमबुद्ध नगर में ऑपरेशन कन्विक्शन की बड़ी सफलता, 3932 अपराधियों को मिली सजा

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (13 अप्रैल 2025): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार द्वारा अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियानों के तहत प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ बनकर सामने आया है। इस अभियान के तहत गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने बीते 27 महीनों (1 जनवरी 2023 से 10 अप्रैल 2025 तक) में गंभीर आपराधिक मामलों में 3932 आरोपियों को सजा दिलवाने में सफलता प्राप्त की है।

गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान में हत्या, बलात्कार, पॉक्सो एक्ट, दहेज हत्या, अपहरण, डकैती और लूट जैसे जघन्य अपराधों को प्राथमिकता से चिन्हित किया गया। इन मामलों में पुलिस ने प्रभावी और समयबद्ध विवेचना कर साक्ष्यों को मजबूत तरीके से न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जिससे अपराधियों को कड़ी सजा मिल सकी।

पुलिस मीडिया सेल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस अवधि में कुल 3567 मामलों में 3932 आरोपियों को सजा दिलाई गई है। इनमें से 33 अपराधियों को आजीवन कारावास, 24 को 20 वर्ष की सजा तथा 22 को 10 वर्ष की कैद हुई है। ये सभी आरोपी गंभीर अपराधों में संलिप्त पाए गए थे।

विभिन्न अपराधों में दर्ज मुकदमे और सजा विवरण:

पॉक्सो एक्ट: 83 मामले

दुष्कर्म: 10 मामले

अपहरण: 20 मामले

हत्या: 31 मामले

डकैती: 13 मामले

लूट: 302 मामले

गिरोहबंद अधिनियम: 65 मामले

चोरी: 1120 मामले

आर्म्स एक्ट: 766 मामले

अन्य विविध अपराध: 1153 मामले

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि ऑपरेशन कन्विक्शन की सफलता पुलिस की त्वरित जांच प्रक्रिया और न्यायालय में प्रभावी पैरवी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता यही है कि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिले और अपराधियों को उनके अपराध के अनुसार कठोरतम सजा दी जाए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस प्रकार की सख्त कार्यवाही से अपराधियों में डर पैदा होता है और पीड़ितों में न्याय की उम्मीद जगती है। साथ ही, समाज में कानून व्यवस्था और पुलिस पर विश्वास भी सुदृढ़ होता है। पुलिस आयुक्त ने यह भी संकेत दिया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और हर अपराधी को उसके अपराध की सजा सुनिश्चित की जाएगी।

गौतमबुद्ध नगर में अपराधियों के खिलाफ चल रहा ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर सरकार की गंभीरता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह पहल न केवल अपराधियों के लिए चेतावनी है, बल्कि आम जनता के लिए एक आश्वासन भी है कि न्याय और सुरक्षा की दिशा में सरकार एवं पुलिस प्रशासन पूरी सक्रियता से काम कर रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।