शिक्षा को नई दिशा देने की तैयारी, “शिक्षा पर चर्चा” कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु बैठक
टेन न्यूज नेटवर्क
मुजफ्फरनगर, (09 अप्रैल 2025): आगामी 20 अप्रैल को मुजफ्फरनगर में आयोजित होने वाले “शिक्षा पर चर्चा” कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से कल एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता कार्यक्रम के संयोजक रविंद्र कुमार ने की। बैठक में कार्यक्रम के आठ सहसंयोजकों, मीडिया प्रभारी सहित मुजफ्फरनगर जिले के शिक्षा क्षेत्र में कार्यरत प्रमुख शिक्षाविदों एवं समाजसेवियों ने भाग लिया और कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर “शिक्षा पर चर्चा” कार्यक्रम के संस्थापक और बरगद बाबा के नाम से चर्चित डॉ. कुलदीप मलिक अपनी केंद्रीय टीम के साथ ग्रेटर नोएडा से मुजफ्फरनगर पहुंचे और बैठक में सक्रिय भागीदारी निभाई। बैठक में अतिथियों के चयन, स्वागत सत्कार की व्यवस्था और कार्यक्रम की सार्वजनिक पहुँच सुनिश्चित करने पर गहन विचार-विमर्श किया गया। विशेष बात यह रही कि सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि इस कार्यक्रम में किसी भी राजनीतिक दल के नेता अतिथि के रूप में आमंत्रित नहीं किए जाएंगे, ताकि यह आयोजन पूरी तरह गैर-राजनीतिक एवं शिक्षा केंद्रित बना रहे।
बैठक में यह भी तय किया गया कि इस कार्यक्रम से जो मंथन और निष्कर्ष निकलेंगे, उन्हें सरकार और नीति निर्माताओं तक संगठित रूप से पहुंचाया जाएगा, जिससे शिक्षा नीति में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके। कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए डॉ. कुलदीप मलिक ने बताया कि शिक्षा क्षेत्र में कार्य कर रहे हर व्यक्ति को एकजुट कर एक नई दिशा और दशा देने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि मुजफ्फरनगर की क्रांतिकारी धरती से निकला यह संदेश देशव्यापी प्रभाव डालेगा और जो एकजुटता यहां देखने को मिली है, वह एक मिसाल बनकर उभरेगी।
बैठक में रविंद्र सिंह, राहुल कुशवाहा, प्रीति वर्धन शर्मा, अनिल कुमार आर्य, वचन सिंह वर्मा, स्नेह लता मिश्रा, वकार हुसैन, अक्षय कुमार, महेश विश्वकर्मा, मनोज कुमार, प्रवीण कुमार सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे और अपने-अपने सुझावों से कार्यक्रम को और बेहतर बनाने की दिशा में योगदान दिया।
यह बैठक शिक्षा के क्षेत्र में एक नई लहर लाने की तैयारी का प्रतीक है, जिससे उम्मीद की जा रही है कि आने वाला 20 अप्रैल शिक्षा के भविष्य को लेकर एक निर्णायक मोड़ साबित होगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।