भाकियू लोकशक्ति ने उठाई ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत समस्याओं की आवाज, जल्द समाधान की मांग
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा, (09 अप्रैल 2025): भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष मास्टर श्यौराज सिंह ने दनकौर और रबूपुरा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में व्याप्त विद्युत समस्याओं को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने विद्युत विभाग द्वारा जनहित में जारी कुछ महत्वपूर्ण बिंदुओं पर शीघ्र निस्तारण की मांग करते हुए कहा कि इन समस्याओं का समाधान न केवल ज़रूरी है, बल्कि लोगों की सुरक्षा और सुविधा के लिए अत्यावश्यक भी है।
मास्टर श्यौराज सिंह ने कहा कि कई गांवों में पहले जो 11,000 वोल्ट की विद्युत लाइनें गांव के किनारों से गुजरी थीं, अब आबादी बढ़ने के कारण ये लाइनें मकानों के ऊपर या बेहद नजदीक से गुजर रही हैं, जिससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है। ऐसी लाइनों को अविलंब शिफ्ट किया जाना चाहिए।
उन्होंने विशेष रूप से रौनीजा गांव से चक जलालाबाद को जाने वाली लाइन का उल्लेख किया, जो अब पूरी तरह आबादी के बीच से गुजर रही है। इस लाइन को बिना किसी अतिरिक्त बजट (स्टीमेट) के थोड़ी मेहनत से ही शिफ्ट किया जा सकता है, परंतु विभागीय उदासीनता के कारण यह कार्य अब तक नहीं हुआ।
इसके साथ ही मास्टर श्यौराज ने बताया कि कुछ मकानों पर डबल विद्युत कनेक्शन दर्ज हो गए हैं, जिनमें से एक को निरस्त किया जाना चाहिए। वहीं कुछ परिवार गांव छोड़कर पलायन कर गए हैं, जिनका अब वहां कोई अस्तित्व नहीं है, उनके कनेक्शन भी जांच कर निरस्त किए जाएं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विद्युत बिलों में भारी गड़बड़ियां पाई जा रही हैं और विभागीय कर्मचारी उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान करते हैं। उपभोक्ताओं की शिकायतों का समय पर समाधान नहीं किया जाता, जिससे आम जनता त्रस्त है।
इसके अतिरिक्त रबूपुरा और दनकौर क्षेत्र की कई विद्युत लाइनें अत्यंत जर्जर स्थिति में हैं। हल्की आंधी या बारिश में ही बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि इन सभी लाइनों की समुचित जांच कराकर उन्हें दुरुस्त किया जाए।
इस पूरे विषय को लेकर टेन न्यूज़ नेटवर्क की टीम ने विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। जैसे ही उनकी प्रतिक्रिया प्राप्त होगी, उसे इस समाचार में जोड़ा जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों की इन समस्याओं पर अब जनप्रतिनिधियों और विभाग की सक्रियता जरूरी है, ताकि जनता को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं की आशंका को समय रहते टाला जा सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।