दिल्ली में झुग्गी वासियों के लिए उम्मीद की नई किरण, सीएम ने 700 करोड़ की योजना का किया उद्घाटन

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (08 अप्रैल 2025): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में कई विकास योजनाओं का उद्घाटन करते हुए झुग्गी वासियों के लिए ‘अच्छे दिन’ की शुरुआत का ऐलान किया। इस मौके पर उन्होंने दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डूसिब) के ज़रिए 700 करोड़ रुपये के विशेष फंड की घोषणा की, जो सीधे झुग्गी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विकास और रहन-सहन की स्थिति को बेहतर करने पर खर्च किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वर्षों से उपेक्षित झुग्गी क्षेत्रों को अब प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में तैयार किए गए 52,000 फ्लैट, जो पिछले एक दशक से इस्तेमाल में नहीं लाए गए थे, अब रीनोवेट कर झुग्गीवासियों को सौंपे जाएंगे। रेखा गुप्ता ने पिछली सरकारों पर आरोप लगाया कि उन्होंने झुग्गी में रहने वालों को सिर्फ वोट बैंक समझा, जबकि अब भाजपा सरकार उन्हें सम्मान, सुविधा और स्थायित्व देने का काम कर रही है।

रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर झुग्गी बस्तियों में सीवरेज, पानी, शौचालय और पार्क जैसी बुनियादी जरूरतों की पूर्ति की दिशा में भी काम शुरू करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शालीमार बाग में नई जलापूर्ति व्यवस्था की शुरुआत की गई है, जिससे लोगों को दिन में दो बार सुबह 6 से 8 और शाम को आधे घंटे पानी मिलना सुनिश्चित होगा।

मुख्यमंत्री ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है। आने वाले समय में और भी झुग्गी क्षेत्रों को इस योजना में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम हर गरीब, हर झुग्गीवासी को बेहतर जीवन देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” इस पूरी पहल को झुग्गीवासियों के लिए बदलाव की शुरुआत माना जा रहा है। सरकार की मंशा है कि न केवल उन्हें आश्रय मिले, बल्कि वह समाज की मुख्यधारा में आत्मविश्वास के साथ जुड़ें और सम्मान से जीवन जी सकें।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।