नई दिल्ली (08 अप्रैल 2025): दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब बिजवासन रोड फ्लाईओवर पर एक चलती कार में अचानक आग लग गई। कार में मौजूद ड्राइवर आग में फंस गया और समय रहते बाहर नहीं निकल सका, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दिल्ली फायर सर्विस को रात करीब 10:32 बजे इस घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद तुरंत दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया।
दमकल कर्मियों ने जब जली हुई कार की जांच की तो कार की ड्राइवर सीट पर एक अधजला शव बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि कार टोयोटा ग्लैंजा थी और उस पर दिल्ली नंबर प्लेट (DL 8CBA 7610) लगी हुई थी। कार से उठता धुआं और आग देखकर स्थानीय राहगीरों ने सबसे पहले पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस थाना कापसहेड़ा को रात 10:25 बजे एक पीसीआर कॉल आई, जिसमें बताया गया कि एक कार में परिवार फंसा हुआ है।
पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार में लगी आग को बुझाया। जांच के दौरान पता चला कि कार ड्राइवर बिजवासन फ्लाईओवर से द्वारका एक्सप्रेसवे की ओर जा रहा था, तभी कार में अचानक आग लग गई। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ड्राइवर को बाहर निकलने का भी समय नहीं मिला और वह कार के अंदर ही जिंदा जल गया।
मृतक की पहचान गुड़गांव निवासी 42 वर्षीय संदीप पुत्र मामन सिंह के रूप में हुई है, जो पालम विहार के निहाल कॉलोनी में रहते थे। संदीप आरके पुरम इलाके में टैक्सी ट्रांसपोर्ट का काम करते थे और हादसे के वक्त अपने ऑफिस से घर लौट रहे थे। पुलिस ने उनके परिवार को मौके पर बुलाकर शव की पहचान करवाई और फिर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी मौके पर पहुंची और तकनीकी जांच शुरू की गई। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कार में आग तकनीकी खराबी से लगी या फिर इसके पीछे कोई और कारण है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है, पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।