शाहीनबाग में विशेष निगरानी, ड्रोन से रखी जा रही पैनी नजर

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (04 अप्रैल 2025): वक्फ संशोधन विधेयक के लोकसभा और राज्यसभा से पारित होने के बाद दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संभावित विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए राजधानी के संवेदनशील इलाकों में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। शाहीनबाग में ड्रोन से निगरानी की जा रही है, जबकि जामिया नगर से जामा मस्जिद तक मुस्लिम बहुल इलाकों में पुलिस बल की भारी मौजूदगी देखी गई। चूंकि विधेयक पारित होने के बाद यह पहला जुमे की नमाज का दिन था, इसलिए मस्जिदों के आसपास भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए।

दिल्ली पुलिस के अलावा रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) ने अलग-अलग इलाकों में फ्लैग मार्च कर स्थिति को नियंत्रण में बनाए रखने का संदेश दिया। गलियों और बाजारों में भारी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी दिखी, जो यह संकेत दे रही थी कि किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में सख्त कार्रवाई की जाएगी। जामिया नगर, जामा मस्जिद, मुस्तफाबाद और जहांगीरपुरी जैसे संवेदनशील इलाकों में पुलिसबल की भारी तैनाती की गई।

जामिया मिल्लिया इस्लामिया के बाहर CRPF की तैनाती

संभावित विरोध प्रदर्शनों और उपद्रव की स्थिति से निपटने के लिए जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के बाहर CRPF की टुकड़ियां तैनात की गईं। विश्वविद्यालय के गेट नंबर 7 के पास बड़ी संख्या में अर्धसैनिक बलों की मौजूदगी देखी गई। साथ ही, पुलिस की वैन और अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को भी तैनात किया गया। हालांकि, अब तक यहां किसी भी तरह का प्रदर्शन या उपद्रव देखने को नहीं मिला।

संसद सत्र के दौरान भी कड़ी रही सुरक्षा

लोकसभा में बुधवार को वक्फ संशोधन विधेयक पर बहस के दौरान दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही। अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में सन्नाटा पसरा रहा, जबकि कुछ जगहों पर भिन्न संगठनों ने मिठाइयां बांटकर खुशी भी जाहिर की। इस दौरान दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने शाम को फ्लैग मार्च किया और आम नागरिकों को सुरक्षा का अहसास कराया। सोशल मीडिया पर भी सख्त निगरानी रखी गई ताकि अफवाहों और भड़काऊ पोस्ट को रोका जा सके।

AIMIM का आंदोलन शुरू करने का ऐलान, शाहीनबाग पर विशेष नजर

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने वक्फ संशोधन विधेयक के खिलाफ दिल्ली से आंदोलन की शुरुआत करने की घोषणा की है। AIMIM के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ने शाहीनबाग की ओर इशारा करते हुए कहा कि आंदोलन वहीं से शुरू होगा, जहां पहले समाप्त हुआ था। संशोधित नागरिकता कानून (CAA) के विरोध में शाहीनबाग में महिलाओं का ऐतिहासिक धरना हुआ था, जिसे देखते हुए पुलिस ने इस इलाके में विशेष सतर्कता बरती है।

दिल्ली पुलिस पूरी तरह सतर्क, कंट्रोल रूम से निगरानी जारी

दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं और हर संवेदनशील इलाके की कंट्रोल रूम से निगरानी की जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षाबलों की तैनाती जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है और राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।