मोदी सरकार की नीतियों के मुरीद हुए कांग्रेस सांसद शशि थरूर

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (01 अप्रैल 2025): कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कोविड-19 महामारी के दौरान भारत की वैक्सीनेशन डिप्लोमेसी की सराहना करते हुए इसे अंतर्राष्ट्रीय नेतृत्व का एक शक्तिशाली उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि भारत ने 100 से अधिक देशों को मेड-इन-इंडिया वैक्सीन भेजकर वैश्विक स्वास्थ्य संकट के समय अपनी जिम्मेदारी को निभाया और जरूरतमंद देशों की मदद की।

थरूर ने अपने लेख में भारत की सॉफ्ट पावर को रेखांकित करते हुए कहा कि वैक्सीनेशन डिप्लोमेसी सिर्फ टीके भेजने तक सीमित नहीं थी। भारत ने नेपाल, मालदीव और कुवैत जैसे देशों में भारतीय सैन्य डॉक्टरों को भेजकर उनकी चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत किया। इसके अलावा, दक्षिण एशियाई देशों के स्वास्थ्य कर्मियों के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिससे इस क्षेत्र में महामारी से निपटने की क्षमता में सुधार हुआ।

उन्होंने भारत सरकार के “वैकसीन मित्र” अभियान की भी सराहना की, जिसके तहत 2021 में 100 से अधिक देशों को कोविड-19 वैक्सीन उपलब्ध कराई गई। थरूर के अनुसार, इस पहल ने भारत को एक भरोसेमंद और मानवीय राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में मदद की।

हालांकि, उन्होंने देशव्यापी लॉकडाउन को “कठोर” बताते हुए इसकी आलोचना की। उन्होंने कहा कि 24 मार्च 2020 को अचानक लागू किया गया लॉकडाउन एक दुःस्वप्न जैसा था, जिसमें लाखों लोगों को कठिनाइयों और त्रासदी का सामना करना पड़ा।

थरूर के हालिया बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट्स ने कांग्रेस में उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलों को जन्म दिया है। उन्होंने हाल ही में एक पॉडकास्ट में कांग्रेस को केरल में तीसरे कार्यकाल के लिए विपक्ष में रहने का जोखिम बताया और राज्य में पार्टी नेतृत्व के खालीपन का उल्लेख किया। उनके इन बयानों को लेकर राजनीतिक हलकों में कई चर्चाएं हो रही हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।