दिल्ली में दुकानों पर नेम प्लेट अनिवार्य करने की मांग, भाजपा विधायक ने सीएम को लिखा पत्र
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (31 मार्च 2025): दिल्ली में दुकानों पर नेम प्लेट अनिवार्य करने की मांग का मुद्दा चर्चा में है। इसे लेकर जंगपुरा से बीजेपी विधायक तरविंदर सिंह मारवाह ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को हाल ही में एक पत्र लिखा है। उन्होंने यह मांग की है कि सभी दुकानों के बाहर उनके नाम स्पष्ट रूप से लिखे जाएं, जिससे ग्राहकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ग्राहकों की परेशानी को लेकर उठी मांग
मारवाह ने बताया कि कई लोगों की शिकायतें आ रही थीं कि ग्राहक दुकान का नाम पढ़कर अंदर जाते हैं, लेकिन बाद में पता चलता है कि वह नॉन वेज दुकान है। इससे विशेष रूप से उन लोगों को परेशानी होती है जो शाकाहारी भोजन को प्राथमिकता देते हैं। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए उन्होंने दुकानों पर नेम प्लेट लगाने की मांग की है।तरविंदर मारवाह के अनुसार, यह नियम सिर्फ अभी या त्योहारों के समय में ही नहीं, बल्कि पूरे साल दुकानदारों के लिए अनिवार्य किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि दुकानों के बाहर नेम प्लेट के साथ-साथ दुकानदारों का आधार कार्ड लगाने की भी आवश्यकता है, ताकि व्यापारिक पारदर्शिता बनी रहे और किसी भी तरह की परेशानी न हो।
विधानसभा में उठाया जाएगा मुद्दा
मारवाह ने बताया कि अभी उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है, लेकिन अगले दो दिनों में यह मुद्दा विधानसभा में भी उठाया जाएगा। उन्होंने इस पहल को ग्राहकों की सुविधा और पारदर्शिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। इससे पहले भी ऐसे कुछ मुद्दे उठाए जा चुके हैं। पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने दिल्ली में अवैध मीट दुकानों पर बैन लगाने की बात की थी। सड़क से लेकर विधानसभा तक इन मुद्दों को उठाया गया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि बीजेपी विधायक की इस मांग पर सरकार की क्या प्रतिक्रिया होगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।