ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 97 लाख की ठगी, नोएडा पुलिस ने एक साइबर अपराधी को दबोचा
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा, (30 मार्च 2025): ऑनलाइन ट्रेडिंग और स्टॉक मार्केट में निवेश के नाम पर साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला नोएडा से सामने आया, जहां एक शातिर साइबर ठग ने एक व्यक्ति के बैंक खाते से 97 लाख 40 हजार रुपये उड़ा लिए। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
डीसीपी साइबर प्रीति यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि नोएडा निवासी एक व्यक्ति ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात लोगों ने उसे ऑनलाइन ट्रेडिंग और स्टॉक मार्केट में निवेश कराने के नाम पर 97,40,000 रुपये की ठगी का शिकार बना लिया। शिकायत के आधार पर साइबर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान साइबर ठगी में शामिल एक आरोपी उत्सव कालरा का नाम सामने आया। पुलिस ने 29 मार्च को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे रोहिणी, दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
डीसीपी प्रीति यादव ने आगे बताया कि आरोपी उत्सव कालरा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर फर्जी बैंक खाते खुलवाने का काम करता था और इसके बदले कमीशन प्राप्त करता था। इसके अलावा, वह दुबई में बैठे अन्य अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराने में भी शामिल था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी हवाला कारोबार से भी जुड़ा हुआ है, जिसके संबंध में विस्तृत छानबीन की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, उत्सव कालरा एक शातिर साइबर अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से ही कई थानों में मामले दर्ज हैं। इस मामले में अब तक 8,04,633 रुपये पीड़ित को वापस कराए जा चुके हैं, जबकि बाकी रकम वापस दिलाने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही इस ठगी से जुड़े अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार करने की संभावना है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।