दिल्ली में हर प्रोजेक्ट पर 10% कमीशन की मांग: आतिशी

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (21 मार्च, 2025): दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने बीजेपी और उसके नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा सुबह से अधिकारियों को गालियां दे रहे हैं और उन पर काम छोड़ने का दबाव बना रहे हैं।

आतिशी ने कहा कि ये वही अधिकारी हैं जिन्होंने दिल्ली में वर्ल्ड क्लास स्कूल और अस्पताल बनाए, लेकिन अब अचानक क्या हो गया कि वे काम नहीं कर रहे? उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में अब हर प्रोजेक्ट में 10% कमीशन मांगा जा रहा है। चाहे सड़क बने, आरोग्य मंदिर बने या कोई अन्य विकास कार्य हो, हर काम में मंत्री को कमीशन देने की शर्त रखी जा रही है।

अगर कोई अधिकारी कमीशन देने से मना कर रहा है, तो उसे सस्पेंड करने की धमकी दी जा रही है। जबकि दिल्ली सरकार के मंत्री किसी अधिकारी को सस्पेंड नहीं कर सकते, फिर भी उन पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब बीजेपी अफसरों का दिल्ली से बाहर ट्रांसफर कराने की योजना बना रही है ताकि वे अपनी मनमानी कर सकें।

आतिशी ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार में फ्लाईओवर, इलेक्ट्रिक बसें, वर्ल्ड क्लास स्कूल, मोहल्ला क्लीनिक और सिग्नेचर ब्रिज जैसे बड़े प्रोजेक्ट पूरे किए गए। उस समय भी परिस्थितियां विपरीत थीं, लेकिन अधिकारियों ने शानदार काम किया। अब, जब बीजेपी सत्ता में आई है, तो वह अफसरों को दबाने और डराने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि बीजेपी का असली मकसद दिल्ली के विकास को रोकना और आम आदमी पार्टी को बदनाम करना है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।