दिल्ली में अकबर रोड का साइनबोर्ड विवादों, अज्ञात युवकों ने पोती कालिख

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (20 मार्च 2025): राजधानी दिल्ली के अकबर रोड का साइनबोर्ड एक बार फिर सुर्खियों में है। बीती रात अज्ञात युवकों ने इस पर कालिख पोत दी और वहां महाराणा प्रताप की तस्वीर चिपका दी। यह घटना तब सामने आई जब सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कुछ लोग साइनबोर्ड को काले रंग से ढकते हुए दिखाई दे रहे हैं।

क्यों हुई ये घटना?

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि दिल्ली के कश्मीरी गेट आईएसबीटी पर स्थापित महाराणा प्रताप की अष्टधातु की प्रतिमा के साथ तोड़फोड़ की गई। उन्होंने दिल्ली पुलिस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मूर्ति को नुकसान पहुंचाने के लिए बंदरों को जिम्मेदार ठहराना एक बहाना है। एक प्रदर्शनकारी ने वीडियो में कहा, “महाराणा प्रताप का अपमान सहन नहीं किया जाएगा। दिल्ली पुलिस को इस मामले में गंभीरता दिखानी चाहिए और मूर्ति को सम्मानपूर्वक पुनः स्थापित करना चाहिए।”

इस घटना से नाराज प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली पुलिस और प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। करणी सेना के एक सदस्य अमित राठौड़ ने कहा, “क्या कोई बंदर अष्टधातु की मूर्ति का भाला और तलवार तोड़ सकता है? यह एक सुनियोजित कृत्य है। प्रशासन इसे दबाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।” घटना में शामिल एक अन्य व्यक्ति, विजय, ने सड़कों के नाम बदलने की मांग उठाई। उन्होंने कहा, “हम अकबर, बाबर और हुमायूं के नाम पर बनी सड़कों के बोर्ड हटाने की मुहिम चला रहे हैं। भारत में आक्रांताओं के नाम पर सड़कें नहीं होनी चाहिए। जो शासक हमारे पूर्वजों पर अत्याचार कर चुके हैं, उनके नाम पर कोई सम्मान नहीं होना चाहिए।”

इस मामले में करणी सेना ने दिल्ली पुलिस को औपचारिक शिकायत दी थी। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच जारी है और नगर निगम (एमसीडी) से भी इस संबंध में जानकारी मांगी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, “यह प्रतिमा काफी पुरानी थी और इसे स्थानांतरित भी किया गया था, इसलिए हमें एमसीडी से अधिक जानकारी की आवश्यकता है।”

दिल्ली पुलिस अब इस घटना के वीडियो का विश्लेषण कर रही है और आरोपियों की पहचान में जुटी है। साथ ही, प्रशासन इस विवाद को सुलझाने के लिए विभिन्न संगठनों के साथ बातचीत कर सकता है। लेकिन यह घटना एक बार फिर राजधानी में ऐतिहासिक नामों को लेकर होने वाली बहस को हवा दे गई है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।