दिल्ली में बुजुर्ग दंपति की हत्या से मची सनसनी, नौकर को खोजने में जुटी पुलिस

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (18 मार्च 2025): दिल्ली के पीतमपुरा इलाके में एक बुजुर्ग दंपति की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। कोहाट एन्क्लेव स्थित फ्लैट में 70 वर्षीय मोहिंदर सिंह और उनकी पत्नी दिलराज कौर के शव मिले हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि हत्या को 2-3 दिन पहले अंजाम दिया गया था। चौंकाने वाली बात यह है कि दंपति के साथ रहने वाला नौकर घटना के बाद से ही फरार है, जिससे पुलिस का शक उसी पर गहरा गया है।

मोहिंदर सिंह और दिलराज कौर का बेटा पास के ही एक मकान में रहता था। जब कई दिनों तक माता-पिता से संपर्क नहीं हुआ, तो मंगलवार को वह उनसे मिलने उनके फ्लैट पहुंचा। दरवाजा खोलते ही उसने अंदर का भयावह दृश्य देखा माता-पिता के शव अलग-अलग कमरों में पड़े हुए थे। तुरंत ही उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हत्या गला घोंटकर की गई है। पुलिस को संदेह है कि वारदात को लूट के इरादे से अंजाम दिया गया होगा। चूंकि घर में रहने वाला नौकर फरार है, इसलिए पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने हत्या की योजना पहले से बनाई थी या यह अचानक उठाया गया कदम था।

इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि कोई सुराग मिल सके। पुलिस मोहल्ले के अन्य लोगों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर रही है। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा किया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर से राजधानी में सुरक्षा और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।