नई दिल्ली (17 मार्च, 2025): दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए पुलिस ने ‘शिष्ठाचार स्क्वॉड’ के गठन का फैसला किया है। यह स्क्वॉड उत्तर प्रदेश के एंटी-रोमियो स्क्वॉड की तर्ज पर काम करेगा और छेड़छाड़, उत्पीड़न जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सक्रिय रहेगा। इसका उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों को महिलाओं के लिए सुरक्षित बनाना और उन्हें बिना डर के आने-जाने का माहौल प्रदान करना है।
दिल्ली के हर जिले में कम से कम दो ‘शिष्ठाचार स्क्वॉड’ तैनात किए जाएंगे, जिनका नेतृत्व संबंधित जिले के एसीपी (क्राइम अगेंस्ट वूमन) करेंगे। हर स्क्वॉड में एक इंस्पेक्टर, एक सब-इंस्पेक्टर (महिला या पुरुष), चार महिला कांस्टेबल और पांच पुरुष कांस्टेबल होंगे। इसके अलावा, एक तकनीकी विशेषज्ञ भी टीम का हिस्सा होगा, जो जरूरत पड़ने पर सहायता करेगा।
यह स्क्वॉड संवेदनशील इलाकों में सादे कपड़ों में गश्त करेगा, बस स्टैंड, मेट्रो स्टेशन, बाजार, पार्क और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नजर रखेगा। सार्वजनिक परिवहन में औचक निरीक्षण किए जाएंगे, जहां टीम के सदस्य यात्रियों, ड्राइवरों और कंडक्टरों से बातचीत कर उन्हें छेड़छाड़ की घटनाओं की रिपोर्ट करने के लिए प्रेरित करेंगे।
इसके अलावा, यह टीम रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों और स्थानीय स्वयंसेवकों के साथ मिलकर अधिक संवेदनशील इलाकों की पहचान करेगी और सुरक्षा उपायों को मजबूत करेगी। अपराधियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी, लेकिन किसी पर अनावश्यक नैतिकता थोपने का प्रयास नहीं किया जाएगा।
‘शिष्ठाचार स्क्वॉड’ को कारों और दोपहिया वाहनों से लैस किया जाएगा ताकि वे जल्दी से घटनास्थल पर पहुंच सकें और अपराधों को रोका जा सके। उनकी साप्ताहिक रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी जाएगी, जिससे इस अभियान की प्रभावशीलता का मूल्यांकन किया जा सके।।



प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।