दिल्ली विधानसभा चुनाव में शिकस्त के बाद अब क्या कर रहे हैं अरविंद केजरीवाल?

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (16 मार्च 2025): दिल्ली चुनाव में आम आदमी पार्टी की हार के बाद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इन दिनों सार्वजनिक जीवन से दूर हैं। वे इस समय पंजाब के होशियारपुर स्थित विपश्यना सेंटर में 10 दिन की साधना में लगे हुए हैं। इस दौरान वे न तो मीडिया से संपर्क में हैं और न ही किसी राजनीतिक गतिविधि में शामिल हो रहे हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक सौरभ भारद्वाज ने एक वीडियो जारी कर विपश्यना सेंटर का दैनिक रूटीन साझा किया है और बताया कि आखिर केजरीवाल वहां किन नियमों का पालन कर रहे हैं।

सौरभ भारद्वाज के अनुसार, विपश्यना केंद्र में रहने वालों का शेड्यूल काफी कठोर होता है। सुबह 4 बजे जागने के बाद 4:30 से 6:30 तक पहली मेडिटेशन करनी होती है। इसके बाद नाश्ता और साफ-सफाई का समय होता है। 9 बजे से समूह ध्यान सत्र होता है और फिर 9 से 11 बजे तक व्यक्तिगत ध्यान चलता है। दोपहर 12 बजे तक लंच के बाद 1 से 2:30 बजे तक फिर ध्यान सत्र होता है। यह सिलसिला शाम तक जारी रहता है, जिसमें छोटे-छोटे ध्यान सत्र शामिल होते हैं।

शाम 5 बजे के बाद नाश्ते का समय होता है, और रात 9:30 बजे तक ध्यान जारी रहता है। इस दौरान प्रतिभागियों को खुद अपना बिस्तर लगाना होता है, भोजन के लिए लाइन में लगना पड़ता है और सफाई का भी ध्यान रखना होता है। यहां किसी भी तरह की बातचीत की अनुमति नहीं होती, न ही मोबाइल, टीवी या किताबें इस्तेमाल की जा सकती हैं। विपश्यना पूरी तरह से ध्यान और आत्मनिरीक्षण पर केंद्रित होती है, जहां प्रतिभागी खुद के साथ समय बिताते हैं।

दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी विपश्यना साधना के लिए राजस्थान के एक गांव में गए थे। केजरीवाल इससे पहले भी करीब 25 बार विपश्यना कर चुके हैं। माना जाता है कि वे विपश्यना के जरिए खुद को मानसिक रूप से मजबूत करने और आगे की रणनीति पर विचार करने का अवसर लेते हैं। इस बार भी उनकी साधना चुनावी नतीजों के बाद आत्ममंथन और मानसिक शांति की दिशा में एक कदम मानी जा रही है।

विपश्यना एक प्राचीन ध्यान पद्धति है, जो आत्म-अनुशासन और मन की शुद्धता पर आधारित होती है। सेंटर में जाने वाले लोग पूरी तरह से बाहरी दुनिया से कट जाते हैं और केवल आत्मविश्लेषण पर ध्यान केंद्रित करते हैं। अरविंद केजरीवाल के इस समय विपश्यना में होने से उनकी आगे की रणनीति और राजनीतिक दृष्टिकोण को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, यह स्पष्ट है कि वे चुनावी हार के बाद आत्मविश्लेषण और मानसिक शांति के लिए यह समय निकाल रहे हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।