गोरखपुर (15 मार्च 2025): होली के उल्लास के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 15 मार्च, शनिवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वस्त किया कि सरकार किसी के साथ अन्याय नहीं होने देगी और हर व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि गरीबों और जरूरतमंदों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान किया जाए।
जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी खुद कुर्सियों पर बैठे लोगों तक पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं। जमीन विवाद, पुलिस प्रशासन से जुड़ी शिकायतें और आर्थिक सहायता की गुहार लेकर आए लोगों को उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनके रहते किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गरीबों की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि दबंगों द्वारा किसी की जमीन पर कब्जा नहीं होने दिया जाएगा, और जो लोग कमजोरों को उजाड़ने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द इलाज से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं पूरी कर शासन को भेजी जाएं, ताकि जरूरतमंदों को त्वरित सहायता मिल सके। उन्होंने राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में भी पारदर्शिता और निष्पक्षता बरतने का निर्देश देते हुए कहा कि हर पीड़ित को न्याय मिलना चाहिए।
जनता दर्शन में आए कई लोग अपने बच्चों के साथ पहुंचे थे। मुख्यमंत्री योगी ने बच्चों को दुलारकर उनका हालचाल पूछा, उनके स्कूल और पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और उन्हें चॉकलेट गिफ्ट कर खूब पढ़ने के लिए प्रेरित किया। कक्षा छह में पढ़ने वाली एक बच्ची से बातचीत के दौरान भावुक होते हुए मुख्यमंत्री ने उसके अभिभावक से कहा कि बिटिया को अच्छी शिक्षा दिलाएं और उसका भविष्य उज्जवल बनाएं।

जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता और त्वरित समाधान की प्रतिबद्धता को देखकर लोग संतुष्ट नजर आए। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार हर जरूरतमंद की मदद के लिए तत्पर है और किसी भी स्थिति में अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।