Breaking: दिल्ली के 40 स्कूलों को बम की धमकी, 30 हजार डॉलर की मांग

 

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (09 दिसंबर, 2024): दिल्ली के 40 स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम की धमकी दी गई है। धमकी देने वाले ने खुद को “KNR ग्रुप” का सदस्य बताया है। ई-मेल में लिखा गया कि अगर स्कूल 30 हजार डॉलर नहीं देते, तो बम फोड़ दिया जाएगा।

यह मामला तब सामने आया जब स्कूल प्रबंधन ने इस धमकी को लेकर पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। स्कूलों में बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड तैनात किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, ई-मेल का स्रोत पता लगाने की कोशिश की जा रही है। साइबर सेल भी इस मामले की जांच में जुटी है। फिलहाल, स्कूलों को खाली करा लिया गया है और छात्रों को वापस घर भेज दिया गया है।

हालांकि ऐसी धमकियां अक्सर अफवाह होती हैं, लेकिन कोई भी खतरा मोल नहीं लिया जा सकता। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। वहीं, दिल्लीवासियों में इस घटना को लेकर डर का माहौल है।

टिप्पणियाँ बंद हैं।