दिल्ली में ऑल वीमेन बाइक रैली, आत्मनिर्भरता और जोश का जश्न

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (09 मार्च 2025): दिल्ली की सड़कों पर रविवार को एक अनोखा नज़ारा देखने को मिला, जब आत्मनिर्भरता और जोश से भरी ऑल वीमेन बाइक रैली को रवाना किया गया। इस खास मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल वीके सक्सेना के साथ मिलकर हरी झंडी दिखाकर इस रैली की शुरुआत की। इस आयोजन में सैकड़ों महिलाओं ने हिस्सा लिया, जो आत्मविश्वास और स्वतंत्रता का संदेश दे रही थीं। राजधानी की सड़कों पर दोपहिया वाहनों पर सवार ये महिलाएं समाज में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और स्वतंत्रता का प्रतीक बनीं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि यह आयोजन सिर्फ एक बाइक रैली नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और हौसले का उत्सव है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जिंदादिली, ऊर्जा और आत्मविश्वास को इस रैली के जरिए और मजबूती मिली है। उनका मानना है कि ऐसे आयोजन न केवल महिलाओं को प्रेरित करते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने भी महिलाओं की इस पहल की सराहना करते हुए इसे दिल्ली के विकास और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

रैली में शामिल महिलाओं ने भी इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह दिखाया। उन्होंने इसे न केवल रोमांचक अनुभव बताया, बल्कि महिला सशक्तिकरण का प्रतीक भी माना। कई प्रतिभागियों ने कहा कि यह उनके लिए गर्व का क्षण है, क्योंकि वे समाज को यह संदेश देने में सक्षम हैं कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे रैली का आयोजन सुचारू रूप से हो सका।

दिल्लीवासियों ने भी इस आयोजन का भरपूर स्वागत किया। सड़कों पर खड़े लोग इन महिला राइडर्स का हौसला बढ़ाते नजर आए। इस उत्साहपूर्ण माहौल ने यह साबित कर दिया कि समाज में बदलाव की बयार बह रही है और महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहीl हैं। यह रैली सिर्फ बाइक पर सफर नहीं थी, बल्कि यह महिलाओं की स्वतंत्रता, आत्मविश्वास और नए भारत की दिशा में उनके बढ़ते कदमों की झलक थी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।