महिलाओं को मिली शराब दुकानों की कमान, 110 दुकानों का ई-लॉटरी के जरिए आवंटन
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (7 मार्च 2025): ग्रेटर नोएडा में पहली बार 110 देसी और विदेशी शराब दुकानों का संचालन महिलाओं के हाथों में होगा। जिले में बृहस्पतिवार को कुल 500 शराब दुकानों और एक भांग की दुकान का आवंटन ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया। इस दौरान कलक्ट्रेट में शाम चार बजे आयोजित लॉटरी प्रक्रिया में करीब 18,000 आवेदन प्राप्त हुए थे और लगभग 145 करोड़ रुपये प्रोसेसिंग शुल्क के रूप में राज्य के आबकारी विभाग में जमा हुए।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार के अनुसार, इस साल शराब की दुकानों का लाइसेंस छह साल बाद नवीनीकरण के बाद दिया गया है। आवेदन प्रक्रिया 14 फरवरी से शुरू हुई थी और 19 फरवरी तक आवेदन प्राप्त किए गए थे। इसके बाद सभी आवेदनों की सत्यापन प्रक्रिया समेत अन्य औपचारिकताएं पूरी की गईं।
इस लॉटरी प्रक्रिया में 234 देसी शराब दुकानों के लिए 6300 आवेदन प्राप्त हुए थे। वहीं, 239 दुकानों के लिए कंपोजिट श्रेणी में 11,218 आवेदन आए, और 27 मॉडल शॉप्स के लिए 689 आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा एक भांग की दुकान के लिए 22 आवेदन आए थे।
कलक्ट्रेट में लॉटरी प्रक्रिया का आयोजन जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की देखरेख में हुआ, जिसमें सहायक पुलिस आयुक्त संजीव बिश्नोई, सहायक आबकारी आयुक्त मोहन मिकिंस और जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार भी उपस्थित थे। लॉटरी के बाद, आवंटित दुकानों की सूची जारी की गई, जिनमें महिलाओं को पहली बार शराब दुकान की कमान सौंपी गई है।
यह कदम महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां वे व्यापारिक मामलों में भी अपनी भूमिका निभाएंगी। इस बदलाव से न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया जाएगा, बल्कि शराब उद्योग में भी एक नई दिशा मिलने की संभावना जताई जा रही है। आबकारी विभाग ने यह भी बताया कि सभी लॉटरी आवंटन अनंतिम (प्रारंभिक) हैं और इसके बाद अन्य औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।