सीएम रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग का किया निरीक्षण, जानता की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (05 मार्च 2025): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Delhi CM Rekha Gupta) ने बुधवार को शालीमार बाग के BW ब्लॉक में जल बोर्ड, MCD और PWD के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनता की समस्याएं सुनीं और उनके जल्द समाधान के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार जनता की छोटी से छोटी समस्या का निवारण करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को जिम्मेदारी तय करने और हर समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रेखा गुप्ता ने क्षेत्र में पानी, सड़क और पेड़ों की कटाई से जुड़े मुद्दों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान ये समस्याएं लंबित थीं, जिससे स्थानीय लोग काफी परेशान थे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि नागरिकों को जल्द राहत मिल सके। इसके अलावा, उन्होंने सफाई व्यवस्था और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान आवारा कुत्तों की समस्या भी सामने आई, जिस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुद्दे के समाधान के लिए विशेषज्ञों से परामर्श लेकर प्रभावी नीति तैयार की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस नीति का उद्देश्य पशु अधिकारों की रक्षा करते हुए नागरिकों को भी राहत देना होगा। इससे आवारा कुत्तों से जुड़े मामलों में संतुलित समाधान निकालने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने AC ब्लॉक, शालीमार बाग में जल आपूर्ति व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण चर्चा की और स्थानीय निवासियों की जल संबंधी समस्याओं को विस्तार से सुना। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बेहतर जल सेवाएँ प्रदान करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और सुधार कार्य जल्द पूरे किए जाएंगे। उन्होंने जल बोर्ड के अधिकारियों को जल वितरण प्रणाली की निगरानी बढ़ाने और पानी की बर्बादी रोकने के लिए ठोस उपाय करने के निर्देश दिए।
रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में स्वच्छ और निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता और जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि जल संकट से निपटने के लिए नई योजनाओं को जल्द लागू किया जाए और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने स्थानीय निवासियों से भी अपील की कि वे पानी के दुरुपयोग को रोकें और सरकारी प्रयासों में सहयोग दें।
मुख्यमंत्री के इस दौरे के बाद स्थानीय लोगों में राहत की उम्मीद जगी है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह से सक्रिय है और हर जरूरी कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद संबंधित विभागों ने तुरंत आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी, जिससे जल्द ही क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।