ABVP ने SFI के आरोपों को बताया निराधार, अंबेडकर विश्वविद्यालय की घटनाओं की निष्पक्ष जांच की मांग
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (03 मार्च, 2025): डॉ बी.आर. अंबेडकर विश्वविद्यालय दिल्ली (Dr. B.R. Ambedkar University, Delhi) में हाल ही में हुई घटनाओं को लेकर स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) द्वारा लगाए गए आरोपों को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने पूरी तरह से झूठा और राजनीति से प्रेरित बताया है। ABVP ने इन आरोपों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह संगठन की छवि को खराब करने की साजिश है। एबीवीपी ने विश्वविद्यालय प्रशासन से इन घटनाओं की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ABVP के मुताबिक, SFI द्वारा लगाए गए आरोपों का मकसद छात्र समुदाय को गुमराह करना और बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर उसकी छवि को धूमिल करना है। ABVP ने स्पष्ट किया कि उनके कार्यकर्ताओं का पूर्वोत्तर के छात्रों पर हमले, कश्मीरी गेट परिसर में एक क्वीयर छात्र के खिलाफ हिंसा और बीए ग्लोबल स्टडीज की कक्षा में एक छात्रा को धमकाने जैसी घटनाओं से कोई संबंध नहीं है। संगठन ने कहा कि इन घटनाओं से उसे जोड़ना केवल राजनीतिक लाभ के लिए फैलाया गया दुष्प्रचार है।
ABVP दिल्ली के प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि SFI के आरोप पूरी तरह से गलत और छात्रों को भ्रमित करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि SFI का यह कदम साबित करता है कि वामपंथी संगठन अभाविप की लोकप्रियता से घबराए हुए हैं और इसीलिए इस तरह के निराधार आरोप लगा रहे हैं। सार्थक शर्मा ने यह भी कहा कि अभाविप हमेशा से विश्वविद्यालयों में स्वस्थ और तनावमुक्त शैक्षणिक माहौल बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है।
अभाविप ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि प्रॉक्टोरियल समिति का गठन कर निष्पक्ष जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो। साथ ही, अभाविप ने छात्रों से अपील की कि वे विभाजनकारी राजनीति से दूर रहें और सत्य एवं न्याय का समर्थन करें। संगठन ने कहा कि वह झूठे आरोपों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी करेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।