जेपी विशटाउन की अधूरी परियोजनाओं और 3 हजार करोड़ के खर्च की जांच तेज
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (27/11/2026): नोएडा के सेक्टर-128 स्थित जेपी विशटाउन की अधूरी परियोजनाओं और उनमें खर्च की गई करीब 3 हजार करोड़ रुपये की धनराशि के हिसाब-किताब को लेकर जांच तेज हो गई है। शासन के निर्देश पर गठित जांच समिति 15 दिसंबर तक अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी। रिपोर्ट में कंपनी की ओर से दिए गए जवाब, परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति और आवंटियों की शिकायतों को शामिल किया जाएगा।
जांच के दौरान समिति ने सुरक्षा रियल्टी से परियोजनाओं की प्रगति और करीब 3 हजार करोड़ रुपये के खर्च का विस्तृत ब्योरा मांगा था। कंपनी ने प्राधिकरण को कुछ बिंदुओं पर अपना जवाब दिया है, लेकिन समिति के अधिकारी इससे पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं। ऐसे में खर्च की गई धनराशि और निर्माण कार्यों से जुड़े तथ्यों की दोबारा पड़ताल की जा रही है।
जांच समिति प्राधिकरण के ओएसडी संतोष कुमार की अध्यक्षता में काम कर रही है। समिति ने जेपी विशटाउन पहुंचकर आवंटियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान कई आवंटियों ने वर्षों बीत जाने के बावजूद फ्लैट नहीं मिलने, निर्माण की खराब गुणवत्ता और परियोजनाओं में लगातार हो रही देरी जैसी शिकायतें रखीं। समिति ने आवंटियों के बयान दर्ज कर उन्हें जांच रिपोर्ट में शामिल किया है।
अधिकारियों के मुताबिक, जांच को अंतिम रूप देने से पहले समिति दो से तीन बार और सोसाइटी का दौरा करेगी। इन दौरों के दौरान निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के साथ ही आवंटियों की शिकायतों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जाएगी।
दरअसल, जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड की ओर से जेपी विशटाउन परियोजना का निर्माण कराया जा रहा था। परियोजनाओं के अधूरे रहने और आवंटियों की समस्याओं के चलते मामला राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (NCLT) तक पहुंचा। इसके बाद स्वीकृत रिजोल्यूशन प्लान के तहत परियोजनाओं को पूरा कराने की जिम्मेदारी सुरक्षा रियल्टी को सौंपी गई। हालांकि, इसके बावजूद आवंटियों की ओर से कंपनी की कार्यप्रणाली और निर्माण कार्यों की प्रगति पर सवाल उठाए जाते रहे हैं।
जेपी विशटाउन निवासी आशीष की ओर से 10 अगस्त 2026 को शासन में शिकायत किए जाने के बाद इस मामले की जांच शुरू हुई थी। अब समिति सभी पक्षों के जवाब, परियोजनाओं की प्रगति और आवंटियों की शिकायतों के आधार पर अंतिम रिपोर्ट तैयार कर रही है। 15 दिसंबर तक रिपोर्ट शासन को सौंपे जाने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई शासन स्तर पर तय की जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।