ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की कार्रवाई तेज, 11 हॉटस्पॉट पर विशेष निगरानी

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (27 नवंबर 2026): ग्रेटर नोएडा में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण (Greater Noida Authority) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। शहर के प्रदूषण प्रभावित इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने अधिकारियों को अगले दो महीने तक विशेष अभियान चलाने और सफाई, सड़कों की धुलाई तथा धूल नियंत्रण के उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं।

27 नवंबर को आयोजित समीक्षा बैठक में उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से चिह्नित 11 हॉटस्पॉट पर विशेष ध्यान देने का निर्णय लिया गया। इनमें गौड़ चौक अंडरपास, मकौड़ा गोलचक्कर, तिलपता गोलचक्कर और एसीई गोलचक्कर से 130 मीटर रोड सहित अन्य स्थान शामिल हैं। इन क्षेत्रों में सड़क की धूल, टूटी सड़कें और निर्माण कार्य प्रदूषण के प्रमुख कारण माने गए हैं। इन सभी स्थानों पर नोडल अधिकारी नियुक्त कर नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं।

प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्राधिकरण ने 21 टीमें गठित की हैं। धूल को नियंत्रित करने के लिए 107 वाटर टैंकर और 32 ट्रक व एंटी स्मॉग गन के माध्यम से पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। वहीं, 14 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से सड़कों की सफाई की जा रही है। अधिकारियों को सफाई से पहले और बाद की तस्वीरों का रिकॉर्ड रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026 में प्रदूषण और ग्रेप नियमों का उल्लंघन करने वाले 100 लोगों पर कुल 5.28 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसमें निर्माण कार्यों से जुड़े 36 मामलों में 48.10 लाख रुपये, आरएमसी प्लांट के 48 मामलों में 4.65 करोड़ रुपये, कूड़ा जलाने के तीन मामलों में 2.25 लाख रुपये और अन्य 13 मामलों में 12.70 लाख रुपये का जुर्माना शामिल है। सीईओ ने अधिकारियों को जुर्माने की वसूली सुनिश्चित करने और भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ आरसी जारी करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा निर्माणाधीन स्थलों पर 247 एंटी स्मॉग गन लगाई गई हैं। सभी निर्माण स्थलों पर बैरिकेडिंग, व्हील वॉशिंग और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया है। शहर में चिह्नित 56 कूड़ा जमा होने वाले स्थानों (जीवीपी) की सफाई और सौंदर्यीकरण कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि प्रदूषण नियंत्रण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।