दिल्ली में सब-इंस्पेक्टर पर हमला करने वाले बदमाशों को पुलिस ने दबोचा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (25 फरवरी 2025): दिल्ली के पटेल नगर इलाके में सब-इंस्पेक्टर पर चाकू से हमला करने वाले दो अपराधियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस मुठभेड़ में पुलिस की गोली दोनों आरोपियों के पैरों में लगी, जिसके बाद उन्हें दबोच लिया गया।

डीसीपी सेंट्रल एम हर्षवर्धन ने बताया कि दिल्ली पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में थी। मंगलवार सुबह जब पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पटेल नगर इलाके में छिपे हुए हैं, तो एक टीम उन्हें पकड़ने के लिए रवाना हुई। लेकिन जब पुलिस ने घेराबंदी की, तो बदमाशों ने भागने की कोशिश की और विरोध किया। आरोपी पुलिस पर हमला करने की फिराक में थे, लेकिन जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उनके पैरों पर गोली मार दी। इसके बाद दोनों बदमाशों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

क्यों किया गया था SI पर हमला?

यह मामला एक दिन पहले की लूट की घटना से जुड़ा हुआ था। पुलिस को लूट के आरोपी गुड्डू और एक नाबालिग लड़की की तलाश थी, जिनका नाम एक अपराध में सामने आया था। जब पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने पहुंची, तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान एक सब-इंस्पेक्टर पर चाकू से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के तुरंत बाद, दिल्ली पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया था, जबकि बाकी अपराधी फरार थे। पुलिस की अलग-अलग टीमें इनकी तलाश में लगी थीं और आखिरकार एनकाउंटर के जरिए दो अन्य अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अब इन अपराधियों के पुराने रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि क्या ये पहले भी किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल रहे हैं। हाल के दिनों में दिल्ली में लूट, चोरी और हमलों की घटनाएं बढ़ी हैं। ऐसे में पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इस एनकाउंटर के बाद दिल्ली पुलिस ने साफ कर दिया है कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कोई भी हो। फिलहाल, पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और आगे की जांच जारी है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।