सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र पर होगा काम : एलजी वीके सक्सेना

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (25 फरवरी 2025): दिल्ली विधानसभा में मंगलवार को उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने अपने अभिभाषण के दौरान सरकार की प्राथमिकताओं और नीतियों का खाका पेश किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास, सबका सम्मान’ को अपनी सरकार की दिशा तय करने वाला मार्गदर्शक सिद्धांत बताया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली की बढ़ती जरूरतों और जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए 10 प्रमुख क्षेत्रों पर फोकस करने का वादा किया।

अपने अभिभाषण में LG ने दिल्ली के समग्र विकास के लिए व्यापक कार्ययोजना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि “मेरी सरकार भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। जनता को पारदर्शी और जवाबदेह शासन देना हमारी प्राथमिकता होगी।” उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाएगा।

महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए LG सक्सेना ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और उनके आर्थिक, सामाजिक विकास के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि “हमारी सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नए रोजगार और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराएगी।” साथ ही दिल्ली में महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

गरीबों के कल्याण पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस समाज के सबसे कमजोर वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर रहेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों को सम्मानजनक जीवन देने के लिए ठोस नीति बनाई जाएगी और उन्हें बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी।

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की बात करते हुए LG ने दिल्ली को विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं से लैस करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि “सरकार अस्पतालों की बेहतरी, मेडिकल सुविधाओं की बढ़ोतरी और लोगों को किफायती व उन्नत इलाज उपलब्ध कराने के लिए काम करेगी।” साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई तकनीकों और डिजिटल हेल्थकेयर को बढ़ावा देने की भी बात कही।

शिक्षा को लेकर LG ने एक मजबूत मॉडल तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में स्कूलों और कॉलेजों के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाया जाएगा। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए नई तकनीकों और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को लागू किया जाएगा, जिससे दिल्ली के छात्रों को वैश्विक स्तर की शिक्षा मिल सके।

दिल्ली की सड़कों को विश्व स्तरीय बनाने की योजना पर भी LG ने बात की। उन्होंने कहा कि “हमारी सरकार राजधानी की सड़कों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाएगी। ट्रैफिक समस्या को हल करने और यातायात को सुगम बनाने के लिए रोड इंफ्रास्ट्रक्चर को अपग्रेड किया जाएगा।”

स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त दिल्ली के वादे को दोहराते हुए LG ने कहा कि वायु और जल प्रदूषण को कम करने के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि “दिल्ली को प्रदूषण से मुक्त करने के लिए सख्त नीतियां लागू की जाएंगी और हरित क्षेत्रों को बढ़ावा दिया जाएगा।” साथ ही दिल्ली में स्वच्छ यमुना अभियान को और प्रभावी तरीके से लागू करने की प्रतिबद्धता जताई।

इसके अलावा, LG ने दिल्लीवासियों को स्वच्छ जल उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि हर घर तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के लिए सरकार कड़े कदम उठाएगी। जल संरक्षण और जल प्रबंधन के नए उपायों को भी लागू किया जाएगा।

दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों के मुद्दे पर बोलते हुए LG ने कहा कि सरकार अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने की दिशा में ठोस कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि “इन कॉलोनियों में रहने वाले लाखों लोगों को बुनियादी सुविधाएं देने और उनके लिए स्वामित्व अधिकार सुनिश्चित करने की प्रक्रिया को तेज किया जाएगा।”

LG वीके सक्सेना के इस अभिभाषण से साफ है कि सरकार दिल्ली के समग्र विकास को प्राथमिकता देते हुए पारदर्शी और जवाबदेह शासन देने के लिए प्रतिबद्ध है। अब देखना होगा कि इन 10 क्षेत्रों में सुधार के लिए कितनी तेजी से ठोस कदम उठाए जाते हैं और दिल्ली को वास्तव में एक स्वच्छ, विकसित और भ्रष्टाचार मुक्त राजधानी बनाने की दिशा में कितनी प्रगति होती है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।