रोहित गोदारा गैंग के 3 शूटर गिरफ्तार, कारोबारी के घर फायरिंग में बड़ा खुलासा
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (21 November 2026): दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गैंगस्टर रोहित गोदारा के गिरोह के तीन शूटरों को गिरफ्तार कर कारोबारी साहिल जैन उर्फ गूगल के घर पर हुई फायरिंग की वारदात को सुलझाने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल कुमार (24), शुभम (23) और मोक्ष (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक देसी कट्टा और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी दिल्ली में एक और बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 5 बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने दिल्ली के पीतमपुरा इलाके में रहने वाले कारोबारी साहिल जैन के घर के बाहर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। हमलावरों ने कारोबारी की कार को भी निशाना बनाया था। शुरुआती जांच में इस वारदात के पीछे विदेश में बैठे गैंगस्टर रोहित गोदारा का नाम सामने आया। मामला रंगदारी से जुड़ा होने के कारण इसकी जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई थी। इसके बाद क्राइम ब्रांच की ARSC टीम ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरू की।
क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपियों का 500 किलोमीटर से अधिक दूरी तक पीछा किया और आखिरकार उन्हें रोहिणी इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के समय आरोपियों के पास से हथियार और कारतूस बरामद हुए। पूछताछ के दौरान फायरिंग में इस्तेमाल मोटरसाइकिल के बारे में भी जानकारी मिली, जिसे बाद में बरामद कर लिया गया। जांच में सामने आया कि मोक्ष गैंग के लिए स्थानीय स्तर पर काम करता था और विदेश में बैठे रोहित गोदारा के करीबी विवेक तथा फरार आरोपी प्रदीप के संपर्क में था। वह विदेश में बैठे गैंग के सदस्यों और दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय बदमाशों के बीच संपर्क सूत्र की भूमिका निभाता था।
पुलिस जांच के मुताबिक, मोक्ष ने निखिल को गैंग में शामिल किया था। उसे अच्छी कमाई और ऐशो-आराम की जिंदगी का लालच दिया गया था। साहिल जैन के घर पर फायरिंग करने के लिए निखिल को 50 हजार रुपये देने का वादा किया गया था। पुलिस का आरोप है कि निखिल ने फरार आरोपी प्रदीप के साथ मिलकर कारोबारी के घर पर गोलियां चलाई थीं। वहीं, शुभम को निखिल ने गैंग से जोड़ा था और वह भी कारोबारी से रंगदारी वसूलने की साजिश में शामिल हो गया था। इस तरह पुलिस ने फायरिंग की वारदात में तीनों आरोपियों की अलग-अलग भूमिकाओं का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार निखिल कुमार उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का रहने वाला है और दिहाड़ी मजदूरी करता था। उसने तीसरी कक्षा तक पढ़ाई की है। शुभम भी मुजफ्फरनगर का निवासी है और दसवीं तक शिक्षित है, जबकि मोक्ष हरियाणा के करनाल का रहने वाला है और उसने भी दसवीं तक पढ़ाई की है। पुलिस का कहना है कि मोक्ष गिरोह के लिए नए लड़कों की भर्ती करने के साथ उन्हें हथियार और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद करता था। इस गिरफ्तारी से विदेश में बैठे गैंग संचालकों, स्थानीय मददगारों और फायरिंग करने वाले शूटरों के बीच नेटवर्क का खुलासा हुआ है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी प्रदीप, गैंग के अन्य सदस्यों और इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।