DU के दीक्षांत समारोह में पीयूष गोयल ने दिए सफलता के मंत्र

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (20 नवंबर 2026): दिल्ली विश्वविद्यालय के 103वें दीक्षांत समारोह में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने विद्यार्थियों को जीवन में सफलता हासिल करने के लिए बड़े सपने देखने, सकारात्मक सोच रखने और लगातार मेहनत करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय से डिग्री हासिल करना जीवन की मंजिल नहीं, बल्कि एक नई यात्रा की शुरुआत है। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यदि इस समारोह से केवल तीन शब्द याद रखने हैं तो वे हैं ‘पर्स्यू योर ड्रीम्स’, यानी अपने सपनों को पूरा करने के लिए पूरी मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने युवाओं से कहा कि अपने लक्ष्य कभी छोटे न रखें और असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ते रहें। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की जिम्मेदारी भी आज के युवाओं के कंधों पर है।

पीयूष गोयल ने विद्यार्थियों को सफलता के छह महत्वपूर्ण मंत्र देते हुए कहा कि जीवन में सकारात्मक सोच रखना और बदलती परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना बेहद जरूरी है। उन्होंने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन और वैज्ञानिक थॉमस एडिसन के उदाहरण देते हुए बताया कि सफलता कभी भी आसानी से नहीं मिलती। लिंकन ने अनेक असफलताओं और कठिनाइयों के बावजूद प्रयास जारी रखे और अमेरिका के राष्ट्रपति बने। वहीं एडिसन ने बिजली का बल्ब बनाने के लिए कई बार प्रयोग किए और असफलताओं के बाद सफलता हासिल की। गोयल ने कहा कि असफलता किसी व्यक्ति की क्षमता का अंतिम प्रमाण नहीं होती, बल्कि यह बेहतर बनने का अवसर देती है। युवाओं को अपने लक्ष्य पर एकाग्रता बनाए रखनी चाहिए और सोशल मीडिया तथा छोटी-छोटी गतिविधियों के कारण अपना ध्यान भटकने नहीं देना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को चौथा मंत्र हमेशा सीखते रहने और नई तकनीकों के साथ खुद को अपडेट रखने का दिया। गोयल ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और तकनीकी बदलावों के इस दौर में युवाओं को नई जानकारी हासिल करने के साथ पुरानी कार्यशैली में जरूरी बदलाव करने के लिए भी तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि तकनीक के बढ़ते प्रभाव के बावजूद मानवीय अनुभव और आलोचनात्मक सोच का महत्व कम नहीं हुआ है। व्यक्ति को अपनी गलतियों का विश्लेषण करना और उनसे सीखना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य को सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए विद्यार्थियों को नियमित व्यायाम, पैदल चलने, दौड़ने, खेलकूद और योग को दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई और करियर की दौड़ में स्वास्थ्य की अनदेखी नहीं करनी चाहिए, क्योंकि स्वस्थ शरीर और मन ही जीवन की चुनौतियों का सामना करने की ताकत देते हैं।

छठे मंत्र में केंद्रीय मंत्री ने विद्यार्थियों से जीवन के संघर्षों और कठिनाइयों पर भरोसा रखने की अपील की। उन्होंने भगवान राम के 14 वर्ष के वनवास और पांडवों के 12 वर्ष के वनवास तथा एक वर्ष के अज्ञातवास का उदाहरण देते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियां व्यक्ति को भविष्य की बड़ी चुनौतियों के लिए तैयार करती हैं। उन्होंने कहा कि किसी परीक्षा में असफल होना, मनचाहा हॉस्टल नहीं मिलना या नौकरी के लिए आवेदन अस्वीकार हो जाना जीवन का अंत नहीं है। ऐसी परिस्थितियों को अस्थायी अनुभव समझकर उनसे सीखना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पांच संकल्पों का उल्लेख करते हुए विकसित भारत का निर्माण, गुलामी की मानसिकता से मुक्ति, अपनी विरासत और संस्कृति पर गर्व, देश की एकता-अखंडता बनाए रखने और नागरिक कर्तव्यों का पूरी जिम्मेदारी से पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रत्येक युवा को व्यक्तिगत उपलब्धियों के साथ देश के विकास में भी योगदान देना होगा।

पीयूष गोयल ने युवाओं से नौकरी तलाशने वालों के बजाय नौकरी देने वाले बनने की सोच विकसित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में 50 करोड़ भारतीय अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं और भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। देश में ढाई लाख से अधिक स्टार्टअप और 130 से ज्यादा यूनिकॉर्न मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को उद्यमिता के माध्यम से रोजगार के नए अवसर पैदा करने चाहिए और समाज के वंचित वर्गों को आगे बढ़ाने में भी योगदान देना चाहिए। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय की ओर से पारंपरिक गाउन और रोब के स्थान पर भारतीय अंगवस्त्र अपनाने की पहल की सराहना की। उनके अनुसार यह बदलाव भारतीय संस्कृति और विरासत के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने विश्वविद्यालय को अंगवस्त्र के विशेष डिजाइन का बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) पंजीकृत कराने का सुझाव भी दिया। साथ ही विद्यार्थियों से अपने शिक्षकों और कॉलेज के दोस्तों के योगदान को हमेशा याद रखने तथा विश्वविद्यालय के आदर्श वाक्य ‘निष्ठा, धृति और सत्यम्’ को जीवन में अपनाने की अपील की।

दिल्ली विश्वविद्यालय के 103वें दीक्षांत समारोह में कुल 1,72,668 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इनमें 1,72,196 स्नातक और परास्नातक विद्यार्थी शामिल रहे, जबकि 472 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि दी गई। समारोह में 199 मेधावी विद्यार्थियों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया, जिनमें 164 गोल्ड मेडल, एक सिल्वर मेडल और 34 अन्य पुरस्कार शामिल हैं। इस अवसर पर पीयूष गोयल ने सभी डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की इस उपलब्धि के पीछे उनके माता-पिता का त्याग, परिवार का सहयोग और शिक्षकों का मार्गदर्शन भी शामिल है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे विश्वविद्यालय से प्राप्त शिक्षा और संस्कारों का उपयोग समाज की बेहतरी तथा राष्ट्र निर्माण के लिए करें।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।