यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, तीन श्रद्धालुओं की मौत

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (24 फरवरी 2025): यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दस अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तब हुआ जब देवबंद से प्रयागराज महाकुंभ जा रहे श्रद्धालुओं की छोटा हाथी गाड़ी को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।

तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत

हादसे में 65 वर्षीय साहब सिंह, उनकी पत्नी रोशनी (65) और उनकी रिश्तेदार रामवती की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पहले जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन बाद में परिजनों की मांग पर उन्हें मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया गया। यह दुर्घटना यमुना एक्सप्रेसवे के 33वें किलोमीटर पर हुई। सहारनपुर जिले के देवबंद थाना क्षेत्र के गांव जखवाला से कुल 13 श्रद्धालु छोटा हाथी वाहन में सवार होकर प्रयागराज स्थित महाकुंभ की यात्रा पर निकले थे।

घायलों का इलाज जारी, पुलिस कर रही जांच

घायलों में ओमवती, पिंकी, सलोनी, नीलम, बच्चन, हरपाल, पूनम, यशवीर, अनीता और राहुल शामिल हैं। मृतक साहब सिंह के घायल पुत्र राहुल की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि दुर्घटना की वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है और अज्ञात ट्रक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

यह हादसा महाकुंभ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के परिवारों के लिए गहरे दुख का कारण बन गया है। प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का दावा कर रहा है, लेकिन इस तरह की दुर्घटनाएं अभी भी चिंता का विषय बनी हुई हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।