New Delhi News (06 November 2026): दिल्ली में नकली भारतीय करेंसी के कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस (Delhi Police) की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के पहाड़गंज थाना पुलिस ने नकली नोटों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 2 लाख 65 हजार 100 रुपये की जाली करेंसी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी दिनेश कुमार झा (36) और सतीश कुमार (20) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 5 नवंबर को पीपी संगतराशन के इंचार्ज एसआई एस.एन. ओझा को पहाड़गंज इलाके में नकली नोटों की सप्लाई किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (New Delhi Railway Station) के सामने स्थित नीलम गेस्ट हाउस में छापेमारी की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 500, 200, 100 और 50 रुपये के नकली नोट बरामद किए गए। बरामद जाली करेंसी की कुल कीमत 2.65 लाख 100 रुपये बताई गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे नकली नोटों को बाजार में खपाने के इरादे से दिल्ली आए थे और इसके लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे थे। उनकी योजना एक लाख रुपये की जाली करेंसी को 25 से 30 हजार रुपये की असली करेंसी के बदले बेचने की थी। हालांकि, इससे पहले कि वे किसी ग्राहक तक पहुंच पाते, पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पूछताछ में ‘एस’ नाम के एक अन्य व्यक्ति का भी जिक्र किया है, जो उन्हें नकली नोटों की सप्लाई करता था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी दिनेश कुमार झा पहले भी नकली करेंसी के मामले में शामिल रहा है और उसके खिलाफ वर्ष 2023 में पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाने में केस दर्ज हुआ था।
इस मामले में पहाड़गंज थाने में FIR नंबर 437/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 179, 180 और 3(5) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की मदद से बरामद नकली नोटों की जांच भी कराई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर कथित सप्लायर ‘एस’ की पहचान करने, नकली नोटों के असली स्रोत का पता लगाने और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।