प्रवेश वर्मा बनाम सौरभ भारद्वाज: मानहानि मामले में कोर्ट ने जारी किया नोटिस
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (06 November 2026): दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा और आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सौरभ भारद्वाज के बीच चल रहे मानहानि विवाद में नया मोड़ आ गया है। राउज एवेन्यू कोर्ट ने प्रवेश वर्मा की ओर से दायर रिवीजन याचिका पर नोटिस जारी किया है। इस याचिका में मजिस्ट्रेट कोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी गई है, जिसमें सौरभ भारद्वाज के खिलाफ दाखिल आपराधिक मानहानि की शिकायत खारिज कर दी गई थी। मामले में अब अगली सुनवाई 28 नवंबर को होगी।
दरअसल, यह पूरा विवाद पश्चिमी दिल्ली के एस.एस. मोटा सिंह पब्लिक स्कूल से जुड़े एक मामले में सौरभ भारद्वाज की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद शुरू हुआ था। प्रवेश वर्मा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर दुर्भावनापूर्ण और झूठी पोस्ट साझा की थीं। उनका दावा था कि भारद्वाज ने स्कूल में हुई एक घटना से जुड़े पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामले में उनका नाम जोड़कर उनकी सामाजिक और राजनीतिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
इस मामले में 10 अक्टूबर को दिल्ली की मजिस्ट्रेट कोर्ट ने प्रवेश वर्मा की आपराधिक मानहानि शिकायत खारिज कर दी थी। एडिशनल चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट नेहा मित्तल ने शिकायत पर संज्ञान लेने से इनकार करते हुए कहा था कि सौरभ भारद्वाज की जिन टिप्पणियों को आधार बनाकर शिकायत दर्ज कराई गई थी, वे सवालों के रूप में थीं और उन्हें मानहानिकारक नहीं माना जा सकता। मजिस्ट्रेट कोर्ट के इसी आदेश के खिलाफ प्रवेश वर्मा ने अब रिवीजन याचिका दाखिल की है।
गौरतलब है कि प्रवेश वर्मा और सौरभ भारद्वाज के बीच पहले भी कई मुद्दों पर राजनीतिक टकराव देखने को मिला है। हाल ही में विकासपुरी में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर निरीक्षण के दौरान प्रवेश वर्मा द्वारा आम आदमी पार्टी के एक समर्थक को थप्पड़ मारने की घटना भी सुर्खियों में रही थी। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तेज हो गए थे। अब मानहानि मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बाद 28 नवंबर की सुनवाई पर सबकी नजरें रहेंगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।